Delhi Jaipur Expressway: दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर 9 FOB और 4 फ्लाईओवर बनेंगे, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

जयपुर- किशनगढ़ एक्सप्रेसवे पर बनेंगे 9 ओवर ब्रिज। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Delhi Jaipur Expressway: केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने मंगलवार को सेक्टर-44 अपैरल हाउस में कार्यक्रम के दौरान दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गुरुग्राम-जयपुर खंड में 282 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी शामिल हुए। बताया जा रहा है कि इन परियोजनाओं में 9 FOB और 4 फ्लाईओवर को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गुरुग्राम और रेवाड़ी केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। दोनों शहर औद्योगिक और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ता था। यातायात दबाव बढ़ने के कारण लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है, जिसकी वजह से राह चलते यात्रियों के लिए हाईवे को पार करना बड़ी समस्या बन जाता है।
राव इंद्रजीत सिंह और हर्ष मल्होत्रा ने परियोजना पर क्या कहा?
राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि यह परियोजनाएं जाम और दुर्घटनाओं से लोगों को छुटकारा दिलाएंगी। इन परियोजनाओं में 4 नए फ्लाईओवर, 9 आधुनिक फुट ओवर ब्रिज, सर्विस रोड का चौड़ीकरण और नालियां सुधारना शामिल हैं। इन परियोजनाओं से गुरुग्राम और रेवाड़ी में यातायात व्यवस्था और भी बेहतर हो जाएगी।
मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि आजादी से लेकर साल 2014 तक पूरे देश में केवल 91 हजार किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग बने थे, लेकिन अब पिछले 11 सालों में 60 हजार किलोमीटर से ज्यादा दूरी के राष्ट्रीय राजमार्ग आमजन को दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिदिन औसतन 12 किलोमीटर नेशनल हाईवे बनते थे, लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में यह बढ़कर 33 किलोमीटर हो गए हैं। इस मौके पर गुरुग्राम नगर निगम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, मानेसर नगर निगम की मेयर डॉक्टर इंद्रजीत यादव, NHAI से क्षेत्रीय अधिकारी मोहम्मद सैफी, परियोजना निदेशक योगेश तिलक अधिकारी भी मौजूद रहे।
इन इलाकों में बनेंगे 4 फ्लाईओवर
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पचगांव चौक, राठीवास, धारूहेड़ा स्थित हीरो कंपनी के पास और साल्हावास में 4 नए फ्लाईओवर बनाए जाएंगे 2.26 किलोमीटर लंबी नई सर्विस रोड बनाई जाएगी।। 18.05 Km लंबी नई RCC नालियां बनाई जाएंगी। 40.64 Km लंबाई की मौजूदा खुली नालियों को ढककर मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही 30.95 किलोमीटर लंबी सड़क को सुधारा जाएगा।
इन 9 जगहों पर बनेंगे FOB
पैदल चलने वाले यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 15 करोड़ रुपये की लागत से 9 जगहों पर FOB बनाए जाएंगे, जिनमें शिकोहपुर, मानेसर (एनएसजी कैंप के पास), बिनौला, राठीवास, मालपुरा, जयसिंहपुरखेड़ा, सिधरावली, खरखरा और खजुरी शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने NHAI अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं के लिए राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा से मंजूरी देने का आग्रह किया।
