पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु बोले: वोट चोरी से भाजपा नहीं कांग्रेस बनाती थी सरकार

गांव पेटवाड़ में पूर्व चेयरमैन राजेश दुहन की बेटी व बेटे को आशीर्वाद देते पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु।
हरियाणा में हिसार के पेटवाड़ गांव में पूर्व वित्त मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि देशभर के कार्यकर्ताओं ने बिहार की जनता के दरवाजे पर जाकर पार्टी के लिए प्रचार किया था। जिनकी मेहनत से बिहार में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिला। चुनाव में बिहार की जनता ने पूरे देश को दिशा देने का काम कर दिया। कैप्टन अभिमन्यु गांव पेटवाड़ में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पूर्व वित्त मंत्री पूर्व चेयरमैन राजेश दुहन की बेटी दीक्षा की शादी में आशीर्वाद देने पहुंचे थे।
भारत 21वीं शदी में पूरी दुनिया में विकसित राष्ट्र होगा

वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बिहार में गमछा लहराकर बिहार की जनता का अभिनंदन किया है। स्पष्ट जनादेश देकर यह साबित कर दिया कि अब विपक्ष पूरी तरह से टूट चुका है।
21वीं सदी में भारत पूरी दुनिया में विकसित राष्ट्र होगा। वोट चोरी के नाम पर कांग्रेस पार्टी लोगों को गुमराह करने का काम कर रही हैं। जनता यह मुद्दा पूरी तरह से नकार चुकी हैं। कांग्रेस पार्टी किसी भी प्रकार से जनता से जुड़ाव नहीं कर पा रही।
कांग्रेस ने धर्म व जाति के नाम पर चोरी किए वोट
पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी जातपात के नाम पर वोट चोरी करने का काम कर रही है। आज प्रदेश में विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा ऐसे में वो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को निशाना बनाकर उनको गायब बताने का काम कर रहे हैं।
पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि वे गायब नहीं नायाब है उनके बराबर का कोई नहीं है। उन्होंने लोगों के दिलों में जगह बनाई है। नायब सिंह एक लोकप्रिय मुख्यमंत्री है। बिहार में भी उनकी लोकप्रियता का जादू खूब चला। उनके नेतृत्व में लगातार प्रदेश आगे बढ़ रहा है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा नेता अजय सिंधु, मार्केट कमेटी चेयरमैन शमशेर मोर, नपा चेयरमैन शमशेर कूकन, एडवोकेट दीपक लोहान, बिजेंद्र शर्मा, करणपाल पेटवाड़, सोनू सैनी, महावीर श्योराण, नीलम जांगड़ा, जयबीर माजरा, कुलदीप गौतम, नरेश वर्मा, चांदीमान, प्रीत सिंह, जगदीश फौजी आदि मौजूद थे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
