Haryana Flood: बाढ़ से बचाने को बहादुरगढ़ में सेना पहुंची, अगले 2 दिन मौसम में राहत की उम्मीद

haryana flood update news
X

बहादुरगढ़ में बाढ़ बचाव कार्य के लिए पहुंची सेना की टीम। 

हरियाणा में भारी बारिश और नदियों के खतरे के निशान से ऊपर बहने से बाढ़ के हालात बने हुए हैं। बहादुरगढ़ में बाढ़ से बचाने के लिए पहली बार सेना मैदान में उतर चुकी है। अब अगले दो दिन मौसम थोड़ा साफ रहने से राहत की उम्मीद की जा सकती है। जानें पूरे प्रदेश में क्या हैं हालात।

Haryana Flood : हरियाणा में लगातार बारिश से बने बाढ़ संकट ने हालात गंभीर कर दिए हैं। कई जिलों में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और सड़कें डूब चुकी हैं। इस बीच पहली बार सेना की मदद ली गई है। शुक्रवार को हिसार कैंट से आए 80 जवान बहादुरगढ़ पहुंचे और यहां राहत व बचाव कार्यों में जुट गए। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में अधिकतर जिलों में मौसम साफ होने की संभावना जताई है, जिससे प्रशासन और आमजन को राहत की उम्मीद है।

बहादुरगढ़ में सेना की तैनाती

लगातार बारिश और मुंगेशपुर ड्रेन के ओवरफ्लो होने से बहादुरगढ़ शहर के कई इलाके पानी में डूब चुके हैं। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने सेना की मदद मांगी। शुक्रवार सुबह हिसार कैंट से 80 जवानों का दल बहादुरगढ़ पहुंचा। SDM नसीब कुमार ने बताया कि सेना की तैनाती से राहत कार्य तेज हुए हैं और जलभराव वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने का काम चल रहा है। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने भी मौके का दौरा किया।

कुरुक्षेत्र में युवक डूबा, तलाशी अभियान जारी

कुरुक्षेत्र के पिहोवा में मारकंडा नदी का पानी खतरे से ऊपर बह रहा है। बीबीपुर और चनालहेड़ी मार्ग पर बहाव तेज होने से 18 वर्षीय अरुण कुमार डूब गया। SHO सदर थाना और गोताखोर टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान जारी है।

फतेहाबाद में मकान की छत गिरी, एक मौत

फतेहाबाद के गांव मंघेड़ा में देर रात एक मकान की छत गिर गई। हादसे में परिवार के मुखिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण मकान की दीवार कमजोर हो गई थी।

प्रदेश में नदियों का हाल

हथिनीकुंड बैराज : शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक यहां 76,544 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आने पर फ्लड गेट आंशिक रूप से डाउन कर दिए गए।

यमुना नदी : फरीदाबाद में यमुना का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है। दोपहर 12 बजे तक 2.40 लाख क्यूसेक पानी दर्ज किया गया।

मारकंडा नदी : कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में नदी का जलस्तर 256 मीटर से .40 मीटर ऊपर बह रहा है।

घग्गर नदी : कैथल में घग्गर नदी खतरे से ऊपर बह रही है। यहां पानी का स्तर 23.3 फीट तक पहुंच गया है।

टांगरी नदी : अंबाला में टांगरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और इंडस्ट्रियल एरिया समेत 15 कॉलोनियां जलमग्न हो चुकी हैं।

अगले 3 दिन मौसम विभाग का पूर्वानुमान

6-7 सितंबर : सिरसा और फतेहाबाद में मौसम साफ रहेगा। बाकी जिलों में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगह हल्की बारिश हो सकती है।

8 सितंबर : सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और गुरुग्राम में धूप रहने की संभावना है। वहीं, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल, फरीदाबाद और अंबाला में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story