फतेहाबाद में कड़ाके की ठंड का अलर्ट: 10 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ होगा एक्टिव, बरसात के बनेंगे आसार  

People enjoying the bright sunshine in Fatehabad.
X
फतेहाबाद में तेज धूप का आनन्द लेते लोग।
फतेहाबाद में पश्चिमी विक्षोभ के निष्क्रिय होने के बाद मंगलवार को धूप निकली। मौसम विभाग ने 10 जनवरी से दोबारा पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से बरसात की आशंका जताई।

फतेहाबाद: पश्चिमी विक्षोभ के निष्क्रिय होने के बाद मंगलवार को अलसुबह बादल छाए रहे व उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से सुबह धूप खिल उठी। पूरा दिन लोगों ने भूरी-भूरी धूप का लुत्फ लिया। मंगलवार को धूप निकलने से क्षेत्र के तापमान में 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों (Weather Experts) के अनुसार बुधवार से सर्दी फिर से अपना रंग दिखाना शुरू करेगी और शीत लहर चलने से फिर से तापमान में गिरावट आएगी। वहीं 10 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ दोबारा एक्टिव होगा, जिससे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी किया गया है।

सुबह के समय छाए बादल, दिन में खिली धूप

मंगलवार अलसुबह बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर को उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से बादल छटे तो सूर्य देव ने दर्शन दिए। शाम 5 बजे तक क्षेत्र में अच्छी धूप निकली रही। इस कारण यहां के तापमान में 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखी गई। पिछले एक महीने से (Rain) बारिश, ओलावृष्टि, धुंध व कोहरे के बीच सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा था। कई दिनों से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान तीन डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम विभाग ने आगे भी राहत की कोई संभावना नहीं जताई। मंगलवार को मौसम ने ऐसी करवट ली कि सुबह चमकीली धूप निकल आई। लोगों के चेहरे पर प्रसन्नता देखने लायक थी।

गेहूं की फसल पीली पड़नी शुरू

सुबह के समय कोहरा छाए रहने से फसलों पर विभिन्न रोग बढ़ने की संभावना बढ़ गई है। किसानों के अनुसार कोहरे के कारण चने की फसल में इल्लियों का प्रकोप देखा जा रहा है। वहीं गेहूं की फसल पीली पड़नी शुरू हो गई है। इसको लेकर कृषि वैज्ञानिक (Agricultural Scientist) किसानों को फसलों में सिंचाई करने के साथ उपचार बता रहे हैं। अधिक कोहरा रहने की स्थिति में किसानों को खेतों के आसपास धुआं करने की सलाह भी दी जा रही है।

अभी गेहूं को कोई नुकसान नहीं

डीडीए राजेश सिहाग ने बताया कि कोहरे से गेहूं में पोषक तत्व कम हो जाते हैं, जिस कारण गेहूं (Wheat) हलकी पीली पड़नी शुरू हो जाती है लेकिन इसका गेहूं की फसल को कोई नुकसान नहीं होगा। इस समय गेहूं की फसल काफी अच्छी खड़ी है। मौसम वैज्ञानिकों ने 10 जनवरी के बाद मौसम बदलने की भविष्यवाणी की है। ठंड का बढ़ना फसल के लिए लाभदायक है।

10 जनवरी से फिर होगा मौसम में बदलाव

चंडीगढ़ मौसम विभाग (Meteorological Department) के निदेशक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि अभी ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में धुंध रहेगी। पहाड़ी हवाओं और धुंध के कारण आने वाले दिनों में भी तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिलेगी। 10 जनवरी के करीब मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से बारिश के आसार बन सकते हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story