फतेहाबाद: तार चोरी करने खंभे पर चढ़े युवक को लगा 11KV का करंट, मौत के बाद खंभे पर रातभर झूलता रहा शव

बिजली खंभे से शव उतारने पहुंचे बिजली कर्मचारी और मौके पर जमा भीड़।
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां तार चोरी करने के इरादे से बिजली के खंभे पर चढ़े एक 28 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का शव पूरी रात हाई-वोल्टेज तारों के बीच खंभे पर ही लटका रहा। शनिवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर निकले, तब इस भयावह मंजर का खुलासा हुआ।
मौके से बरामद हुआ कटर और कटे तार
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बिजली निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रतिया सब-अर्बन सब-डिवीजन के एसडीओ अशोक कुमार ने बताया कि यह 11 हजार केवी (11KV) की मुख्य लाइन थी। जांच के दौरान खंभे के नीचे एक कटर और कटे हुए तार के टुकड़े मिले हैं। इससे स्पष्ट होता है कि युवक तारों को काटने की कोशिश कर रहा था, तभी वह बिजली की चपेट में आ गया। बिजली विभाग ने तुरंत सप्लाई बंद कर शव को नीचे उतरवाया।
नशे की लत से पहुंचा गंभीर हालत में
मृतक की पहचान गांव हड़ौली निवासी मक्खन सिंह (28) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार मक्खन पिछले करीब 4 वर्षों से नशे की गंभीर लत का शिकार था। अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए वह अक्सर छोटी-मोटी चोरियों को अंजाम देता रहता था। ग्रामीणों का मानना है कि नशे की इसी लत ने उसे मौत के मुंह में धकेल दिया।
परिवार का बुरा हाल, पिता ने दी जानकारी
मृतक के पिता सुरजीत सिंह, जो सरकारी स्कूल से चपरासी के पद से सेवानिवृत्त हैं, ने बताया कि मक्खन शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे तक घर पर ही था। उसके बाद वह कब और कैसे बाहर निकला, उन्हें नहीं पता। पिता का कहना है कि उनका बेटा मजदूरी करता था और उन्होंने उसे कभी चोरी करते नहीं देखा। मक्खन तीन भाइयों में मंझला था। उसका बड़ा भाई मजदूरी करता है, जबकि छोटा भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
पुलिस ने दर्ज किया चोरी का मामला
सदर थाना रतिया पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि बिजली निगम के लाइनमैन सुरेंद्र की शिकायत पर मृतक मक्खन सिंह के खिलाफ ही चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
नशे के दलदल में बर्बाद हुआ जीवन
कभी चुन्नी डाई (रंगाई) का काम करने वाला मक्खन सिंह अपनी मेहनत से घर चलाता था, लेकिन नशे के प्रभाव में आने के बाद उसका जीवन बदल गया। ग्रामीणों के मुताबिक वह अक्सर घर से गायब रहता था और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हो गया था।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
