Honey Trap: फतेहाबाद में हनीट्रैप के 3 आरोपी गिरफ्तार, रिटायर्ड सूबेदार से ठगे थे साढ़े 5 लाख रूपये

फतेहाबाद में हनी ट्रैप के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Fatehabad Honey Trap Case: फतेहाबाद में पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इन गिरफ्तार आरोपियों ने रिटायर्ड सूबेदार को अपने जाल में फंसाकर उससे 5 लाख 50 हजार रुपये हड़पे थे। ऐसा भी माना जा रहा है कि तीनों आरोपी भीम आर्मी से जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक आरोपियों की पहचान भूना के रहने वाले कुलदीप बौद्ध, टेकाराम, हरपाल बौद्ध के तौर पर हुई है। फतेहाबाद के भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि रिटायर्ड सूबेदार धीर सिंह की शिकायत पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। शिकायतकर्ता सूबेदार धीर सिंह ने बताया था कि 3 लोगों ने उसे झूठी साजिश में फंसाकर गंभीर आरोप लगाए थे।
छवि धूमिल करने की धमकी
मामले को दबाने के लिए आरोपियों ने सूबेदार 5 लाख 50 हजार रुपये हड़पे थे। आरोपियों ने धमकी दी थी कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो उसकी प्रतिष्ठा को खराब कर दिया जाएगा। इस डर से सूबेदार ने आरोपियों को पैसे दे दिए थे। बताया जा रहा है कि इस मामले में शिकायतकर्ता ने पुलिस को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध करवाई थी।
छापेमारी करके आरोपियों को पकड़ा
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सभी आरोपों को सच पाया है, सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की, इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ करके इनके दूसरे साथियों के बारे में पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
