Faridabad Firing: फरीदाबाद में शख्स ने दोस्त को गोलियों से भूना, 'बेवफा' पत्नी सदमे में

फरीदाबाद में शख्स ने दोस्त को गोलियों से किया छलनी।
Faridabad Firing: फरीदाबाद के सेक्टर-70 में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने अपने ही जिगरी दोस्त को गोलियों से भून दिया। गोलियों की आवाज से लोगों में हड़कंप मच गया। वारदात करने के बाद आरोपी फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के पीछे की वजह जानकर पुलिस भी हैरान है। बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित सुरेश कुमार (45) फरीदाबाद के सेक्टर-10 में रहता है। सुरेश शराब का कारोबार करता है। पीड़ित सुरेश कई शराब ठेके, स्पा सेंटर और सैलून का मालिक है। आरोपी विनोद कौशिक (30) बल्लभगढ़ का रहने वाला है। विनोद सेक्टर-2 में एक कैफे और रेस्तरां चलाता है।
पुलिस के मुताबिक, सुरेश अपनी पत्नी दुरेश, बॉडीगार्ड सोनू कुमार और विनोद की पत्नी मेघा के साथ 4 दिन के लिए मनाली घूमने गया था। मनाली ट्रिप से वापस आने के बाद सोसायटी के गेट पर उतरा। उसके बाद सुरेश और सोनू दोनों गाड़ी से सामान निकाल रहे थे, उसी दौरान विनोद उसके पास गया और सुरेश के सीने में तीन गोलियां दाग दी।
सुरेश को पेट, गले और सीने में गोलियां लगी। सोनू ने विनोद को पकड़ने के कोशिश की, लेकिन झड़प के बाद आरोपी विनोद मौके पर गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच की, जिसमें पता चला कि विनोद और उसकी पत्नी मेघा की एक साल पहले लव मैरिज हुई थी। विनोद की पत्नी सेक्टर-9 के एक सैलून में बतौर मैनेजर काम करती थी।
जानकारी के मुताबिक, मेघा अपने पति से झगड़ा करने के बाद सोनू के परिवार के साथ KJL सोसायटी में रह रही थी। विनोद की पत्नी मेघा उसके दोस्त सुरेश के साथ अक्सर घूमने चली जाती थी। इसके बाद दोनों के बीच इस बात को लेकर झगड़ा होता था। सूत्रों के अनुसार, सुरेश के साथ घूमने जाने को लेकर दोनों पति पत्नी के बीच कई बार विवाद हो चुका था। जब भी मेघा सुरेश के साथ बाहर जाती थी, पति विनोद उसका विरोध करता था। इतनी कहासुनी के बाद भी मेघा सुरेश के साथ चार दिन के लिए मनाली ट्रिप पर चली गई। इस कारण विनोद गुस्से से भर गया और उसने ट्रिप से वापस आने के बाद सुरेश को गोलियों से भून दिया।
वारदात के बाद पीड़ित को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है। सुरेश ने अपने बयान में आरोपी विनोद और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ BPTP थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, इस वारदात के बाद से आरोपी की पत्नी भी सदमे में है। वहीं, पीड़ित के परिवार का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
