फरीदाबाद हत्याकांड: महिला समेत 5 आरोपियों को उम्रकैद की सजा, जानें पूरा मामला

Faridabad Court
X

फरीदाबाद में 5 लोगों को उम्रकैद की सजा हुई। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Faridabad Murder Case: फरीदाबाद मर्डर केस में अदालत ने एक महिला समेत 5 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इसके अलावा आरोपियों पर जुर्माना भी लगाया है।

Faridabad Murder Case: फरीदाबाद में एक हत्याकांड के मामले में कोर्ट ने महिला समेत 5 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। आरोपियों ने साल 2021 में हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। बता दें कि आरोपी महिला ने अपने दो प्रेमियों और उनके साथियों के साथ मिलकर अपने पति की हत्या करवा दी थी। कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई करते हुए पांचों आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

बता दें कि साल 2013 में अन्नू (आरोपी महिला) ने फरीदाबाद की सैनिक कॉलोनी के रहने वाले दिनेश धवन से शादी की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही अन्नू का डबुआ कॉलोनी के हरजीत पाल सिंह (उर्फ राजू) और जवाहर कॉलोनी के रहने वाले देवेंद्र शर्मा (उर्फ नितिन पंडित) से संपर्क हो गया।

दोनों के बीच होते थे झगड़े
हरजीत और देवेंद्र दोनों अन्नू के घर आने-जाने लगे, लेकिन दिनेश को यह पसंद नहीं था। दिनेश और अन्नू के बीच इसे लेकर अक्सर झगड़े होते थे। इस बात से परेशान होकर आरोपी महिला ने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या करने का प्लान बना लिया।

कैसे दिया वारदात को अंजाम?
प्लान के मुताबिक अन्नू ने 18 जनवरी 2021 को हरजीत और देवेंद्र के 2 साथियों विनीत सक्सेना और विक्की उर्फ विष्णु की मदद से दिनेश की हत्या करवा दी थी। आरोपियों ने पहले दिनेश का गला दबाया, फिर डंडों से पीटकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपियों ने दिनेश की पहचान छिपाने के लिए उसके शव पर तेजाब भी डाल दिया और नाले में फेंक दिया। पुलिस ने 28 जनवरी 2021 को दिनेश का शव बरामद किया, जिसे आरोपी महिला ने पहचानने से इंकार कर दिया था।

मृतक के भाई के शक पर कार्रवाई
मृतक के भाई गुलशन को अन्नू पर शक हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने अन्नू से सख्ती से पूछताछ की। उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी वारदात का खुलासा कर दिया। इस मामले में बीते 4 साल में 66 बार सुनवाई हुई और 33 गवाहों के बयान लिए गए। 127 डॉक्यूमेंट्स भी कोर्ट में पेश किए गए।

इन सबूतों के आधार न्यायाधीश संदीप गर्ग की कोर्ट ने अन्नू धवन, हरजीत पाल, देवेंद्र शर्मा, विनीत सक्सेना और विक्की को उम्रकैद की सजा सुनाई। इसके अलावा 3 आरोपियों पर 60 हजार और दो पर 50 हजार का जुर्माना भी लगाया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story