Jharna Temple: दिल्ली-NCR से कुछ ही दूरी पर है ये चमत्कारी झरना, सुकून के साथ रोग से भी मिलती मुक्ति!

फरीदाबाद झरना मंदिर।
Jharna Temple Haryana: अगर आप दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं और पहाड़ों जैसी किसी जगह पर सुकून के पल बिताने की सोच रहे हैं, तो आपको एक बार हरियाणा के फरीदाबाद स्थित 'झरना मंदिर' को जरूर एक्सप्लोर करना चाहिए। यह मंदिर फरीदाबाद में अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित है, जहां पर एक प्राकृतिक झरना भी है। इस मंदिर में दर्शन करने के साथ ही आप झरने और हरियाली का भी आनंद ले सकते हैं।
यहां की हरियाली आपको उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की खूबसूरती का अनुभव कराएगी। दिल्ली की भागदौड़ और शोरगुल से दूर आप ठंडी और शांत हवा में सुकून के यादगार पल बिता सकते हैं। यह जगह दिल्ली से सिर्फ 35-40 किमी की दूरी पर स्थित है। आइए जानते हैं इस झरने के बारे में सबकुछ...
कहां पर है 'झरना मंदिर'?
यह झरना मंदिर फरीदाबाद के मोहब्बताबाद गांव में सुंदर और हरी-भरी पहाड़ियों के बीच स्थित है। यहां पर आप बच्चों के साथ जाकर बिना किसी खर्च के वाटर पार्क की तरह का आनंद ले सकते हैं। अगर आप दिल्ली में रहते हैं, तो सिर्फ 1 से 1.5 घंटे के अंदर झरना मंदिर पहुंच सकते हैं। झरना मंदिर आने के लिए आपको ज्यादा परेशानी नहीं होगी। आप गूगल मैप की लोकेशन से आसानी से यहां पर पहुंच सकते हैं। इसके अलावा अगर आपको रास्ते में कोई परेशानी होती है, तो आप स्थानीय लोगों से बातचीत कर जानकारी ले सकते हैं। यह जगह बच्चों को खूब पसंद आती है।
झरने के पानी से दूर होता है ये रोग
झरना मंदिर अपने शांत और खूबसूरत वातावरण के लिए जाना जाता है। यह जगह टूरिस्टों के साथ ही श्रद्धालुओं को भी बहुत पसंद आती है। झरना मंदिर में एक प्राकृतिक गुफा है, जिससे लगातार पानी बहता रहता है, जिसे लोग झरना कहते हैं। माना जाता है कि अगर किसी व्यक्ति को चर्म रोग हो, तो वह इस झरने में स्नान करके उससे मुक्ति पा सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस झरने में नहाने से चर्म रोग ठीक हो जाते हैं।
यहां पर आने वाले श्रद्धालु झरने में नहाने के साथ ही इसका पानी भी पीते हैं। इस झरने का पानी काफी साफ और शुद्ध है। अगर आप झरना मंदिर घूमने के लिए आते हैं, तो आप यहां पर मंदिर में दर्शन करने के साथ ही झरने का भी आनंद ले सकते हैं।
दूर-दूर से आते हैं लोग
शुरुआत में झरना के बारे में ज्यादा लोगों को जानकारी नहीं थी। हालांकि अब लोगों को इसके बारे में पता चल रहा है, जिससे यहां पर टूरिस्टों की संख्या बढ़ती जा रही है। दिल्ली-एनसीआर के सैकड़ों लोग हर दिन झरना मंदिर आते हैं। यहां पर आकर आप खुद को प्रकृति के करीब पाते हैं, जिससे मन को शांति मिलती है। अगर आप शहर की भागदौड़ से थक गए हैं और आराम करने की खास जगह खोज रहे हैं, तो एक बार झरना टेंपल को एक्सप्लोर करने का प्लान बना सकते हैं।
