फरीदाबाद: डेयरी संचालक ने 3 बेटियों के साथ लगाई फांसी, बड़ी बेटी की मौत, दो की हालत गंभीर

फरीदाबाद में मौके पर मौजूद लोग।
हरियाणा के फरीदाबाद में शुक्रवार तड़के एक डेयरी संचालक पिता ने अपनी तीन नाबालिग बेटियों के साथ फांसी लगा ली। इस दर्दनाक घटना में पिता कर्मवीर (32) और उसकी सबसे बड़ी बेटी छवि (12) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बेटियां निशु (8) और सृष्टि (6) की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर इस घटना को पारिवारिक विवाद और गहरे तनाव का नतीजा बताया है।
पशु बाड़े में लगाया फंदा
यह पूरा घटनाक्रम फरीदाबाद के नेकपुर गांव का है। डेयरी संचालक कर्मवीर अपनी तीनों बच्चियों के साथ घर के बाहर बने पशु बांधने वाले बाड़े में सोया करता था। शुक्रवार सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच उसने इसी बाड़े में पहले अपनी बेटियों को फंदे पर लटकाया और फिर खुद भी फांसी लगा ली।
परिवार का एक सदस्य जब सुबह बाड़े में पहुंचा तो चारों को फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग तुरंत जमा हुए और चारों को फंदे से नीचे उतारा। लोगों ने देखा कि दो छोटी बच्चियों की सांसें चल रही थीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहीं, कर्मवीर और बड़ी बेटी छवि की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही धौज थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
आत्महत्या से पहले बनाया वीडियो
पुलिस की जांच में यह बेहद गंभीर खुलासा हुआ है कि मृतक कर्मवीर ने यह आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने अपनी मौत के लिए अपनी पत्नी समेत ससुराल के पांच लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। कर्मवीर ने वीडियो में अपनी पत्नी, सास, दो साली और पत्नी की बुआ पर अत्यंत गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि ये सभी महिलाएं कथित तौर पर वेश्यावृत्ति में लिप्त हैं और उसे भी कई बार इस दलदल में फंसाने की कोशिश की। कर्मवीर ने पुलिस से गुजारिश की है कि उसकी मौत के जिम्मेदार इन्हीं लोगों के मोबाइल फोन चेक कर कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने कर्मवीर के मोबाइल को तुरंत कब्जे में ले लिया है और वीडियो की गहनता से जांच की जा रही है।
पिछले डेढ़ साल से पारिवारिक विवाद चल रहा था
गांव वालों के अनुसार कर्मवीर और उसकी पत्नी के बीच पिछले डेढ़ साल से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते पति-पत्नी अलग रहने लगे थे। बताया जा रहा है कि करीब 7 दिन पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से कर्मवीर गहरे तनाव में था। वह डेयरी चलाकर अपनी बच्चियों की परवरिश और परिवार का पालन-पोषण करता था।
गांव में दहशत का माहौल
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला गहरे पारिवारिक विवाद और तनाव का लग रहा है। मृतक के ससुराल पक्ष और अन्य परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि मृतक द्वारा वीडियो में लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने लाई जा सके। फिलहाल, दो छोटी बच्चियों निशु और सृष्टि का इलाज चल रहा है। पुलिस उनकी हालत में सुधार होने पर उनसे भी जानकारी जुटाने की कोशिश करेगी। यह घटना नेकपुर गांव में गहरे सदमे और दहशत का माहौल पैदा कर गई है।
