Haryana flood update: बारिश-बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान, देखें किसे क्या मिलेगा

haryana flood update news
X

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने बाढ़-बारिश प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान किया। 

हरियाणा में चल रहे बारिश व बाढ़ के हालातों के बीच सीएम नायब सिंह सैनी ने सभी वर्ग के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। देखें किसानों, पशुपालकों, व्यापारियों व आम आदमी को क्या मिलेगा।

Haryana flood update : हरियाणा सरकार ने राज्य में हाल ही में हुई भारी बरसात और बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए व्यापक राहत पैकेज का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता कर जानकारी दी कि सरकार ने पीड़ित परिवारों, किसानों और पशुपालकों को त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। मृतकों, घायलों, फसल, दुकान व मकान नुकसान पर भी मुआवजे का ऐलान किया है।

मृतक के परिजनों को देंगे 4 लाख रुपये

मुख्यमंत्री ने बताया कि बरसात और जलभराव के चलते जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उन्हें चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। वहीं, यदि किसी व्यक्ति को हादसे में गंभीर चोट पहुंची है और उसका 40 से 60 प्रतिशत तक अंग प्रभावित हुआ है तो सरकार 74 हजार रुपये की सहायता देगी। जबकि 60 प्रतिशत से ज्यादा अंग हानि की स्थिति में पीड़ित को ढाई लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।

मकानों के गिरने पर राहत राशि

बरसात और बाढ़ से मकानों को नुकसान पहुंचने पर भी सरकार ने स्पष्ट मापदंड तय किए हैं। मैदानी इलाकों में मकान पूरी तरह गिर जाने की स्थिति में 1.20 लाख रुपये और पहाड़ी क्षेत्रों में मकान क्षतिग्रस्त होने पर 1.30 लाख रुपये दिए जाएंगे। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकान के लिए 10 हजार रुपये व कच्चे मकान के क्षतिग्रस्त होने पर 5 हजार रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश और बाढ़ से प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

7 हजार से 15 हजार रुपये फसली मुआवजा

फसलों के नुकसान की जानकारी देने के लिए सरकार ने ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल शुरू किया है। अब तक प्रदेश के 5,217 गांवों के 2,53,440 किसानों ने इस पोर्टल पर 14,91,130 एकड़ जमीन के नुकसान का ब्यौरा दर्ज कराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पोर्टल पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा और किसानों को मुआवजा जल्द मिलेगा। फसलों पर मिलने वाली सब्सिडी को लेकर उन्होंने बताया कि नुकसान की भरपाई के लिए प्रति एकड़ 7,000 से 15,000 रुपये तक की सहायता दी जाएगी।

दुकान का नुकसान होने पर मिलेगा मुआवजा

व्यावसायिक नुकसान की श्रेणी में आने वाले लोगों को 1 लाख से 3.05 लाख रुपये तक का मुआवजा मिलेगा। यदि नुकसान 5 लाख से अधिक है तो 3.05 लाख के अलावा 10 प्रतिशत अतिरिक्त राशि दी जाएगी। इसके लिए छह स्लैब बनाए गए हैं।

पशुपालकों को भी सहारा

पशुओं की मृत्यु पर भी सरकार ने राहत देने का प्रावधान रखा है। दुधारू पशु के मरने पर 37,500 रुपये, दूध न देने वाले पशु पर 32,000 रुपये, भेड़-बकरी या सुअर की मौत पर 4,000 रुपये और पोल्ट्री में नुकसान होने पर 10,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी।

अब तक 13 मौतें, 52 लाख की सहायता दी

मुख्यमंत्री ने राज्य में हुई दुखद घटनाओं पर शोक जताया। उन्होंने बताया कि अब तक बारिश की वजह से 13 लोगों की मौत हुई है। इनमें फतेहाबाद के 4, भिवानी के 3, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर के 2-2, जबकि हिसार और फरीदाबाद के 1-1 व्यक्ति शामिल हैं। सभी मृतकों के परिवारों को कुल 52 लाख रुपये की राशि पहले ही वितरित की जा चुकी है। तत्काल राहत उपायों को देखते हुए राज्य सरकार ने जिलों के लिए 3 करोड़ 6 लाख रुपये का रिजर्व फंड मंजूर किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह धनराशि प्रभावित इलाकों में तत्काल राहत और बचाव कार्यों पर खर्च की जाएगी।

बेघर हुए लोगों के लिए राहत शिविर

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि बाढ़ से जिन परिवारों का घर उजड़ गया है, उनके लिए अस्थायी शिविर लगाए जाएंगे। वहीं जिन मकानों की छतें गिरी हैं या आंशिक नुकसान हुआ है, उसका सर्वे करवाकर मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई परिवार बीते 20 सालों से एक ही मकान में रह रहा है और उसका मकान क्षतिग्रस्त हुआ है, तो सरकार उनकी भी मदद करेगी।

एक महीने का वेतन देंगे विधायक

सरकार ने सामाजिक सहयोग को भी इस अभियान से जोड़ने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 'सेवा पखवाड़ा' मनाया जाएगा। इस अवधि में सभी विधायक, समर्थक विधायक और कैबिनेट सदस्य अपना एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे। अधिकारियों और कर्मचारियों से भी उन्होंने स्वेच्छा से योगदान देने की अपील की है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story