GST reforms: हरियाणा वालों को होगी चार हजार करोड़ रुपये की बचत, सीएम ने समझाया गणित

haryana cm gst reforms
X
कुरुक्षेत्र के लाडवा के बाजार में दुकानदारों को जीएसटी सुधार के बारे में बताते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। 
हरियाणा में जीएसटी सुधार के बाद करीब चार हजार करोड़ रुपये की लोगों को बचत होगी। यह पैसा दोबारा बाजार में आएगा, जिससे व्यापारियों और उद्योगों में तेजी आएगी। सीएम ने खुद लाडवा के बाजार में जाकर लोगों को जागरूक किया।

GST reforms : हरियाणा के लोगों को एक साल के अंदर ही करीब चार हजार करोड़ रुपये की बचत होगी। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी। यह बात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा में कही। मुख्यमंत्री सोमवार को लाडवा के मेन बाजार में प्रदेशव्यापी वस्तु एवं सेवाकर बचत उत्सव को लेकर दुकानदारों और व्यापारियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में लागू किए जीएसटी सुधार से प्रदेश में आम नागरिकों का साल भर में लगभग 4 हजार करोड़ का फायदा होगा। यह जीएसटी सुधार न केवल व्यापारियों को राहत देंगे बल्कि आम उपभोक्ताओं के जीवन को भी सरल बनाएंगे। पूरे देश में 22 सितंबर से जीएसटी में सुधार करते हुए केवल दो स्लैब बना दिए गए हैं। इससे जरूरत की काफी चीजें सस्ती हो गई हैं।

अब स्वदेशी उत्पादों पर जोर दें

सीएम ने कहा कि नागरिक अब कम जीएसटी का लाभ उठाकर स्वदेशी उत्पाद अपने घर लेकर आएं। इन सुधारों से ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियों में पारदर्शिता आएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रामकुंडी चौक पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और प्रदेशवासियों को अग्रसेन जयंती तथा नवरात्रों की बधाई और शुभकामनाएं देने के उपरांत प्रदेशव्यापी वस्तु एवं सेवाकर उत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मैन बाजार, संगम मार्केट होते हुए शहीद ढींगरा चौक पर पहुंचे और दुकानदारों, व्यापारियों को सरकार द्वारा नई लागू जीएसटी दरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी और लोगों को स्वदेशी वस्तुएं और उत्पाद घर लाने की अपील की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद मदन लाल ढींगरा की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री ने जीएसटी में किए गए सुधारों और दी गई राहतों के बारे में अवगत करवाया।

15 अक्टूबर तक चलेगा जीएसटी जागरुकता अभियान

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जीएसटी सुधारों के लाभ और महत्व की जानकारी आमजन और व्यापारियों तक पहुंचाने के लिए ‘जीएसटी जागृति अभियान’ शुरू किया गया है। यह अभियान 15 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इसके लिए आबकारी एवं कराधान विभाग ने विस्तृत कार्ययोजना के तहत शिविर आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि अभियान का पहला चरण 22 से 29 सितंबर तक चलेगा। इसमें सभी जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग लेंगे और प्रतिदिन चिह्नित मार्केट्स का दौरा कर दुकानदारों और ग्राहकों को सुधारों की जानकारी देंगे।

व्यापार एसोसिएशन को भी अभियान से जोड़ेंगे

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि व्यापार मंडल और विभिन्न मार्केट एसोसिएशनों के पदाधिकारियों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है, ताकि व्यापारी वर्ग प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो। जीएसटी सुधारों के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया जा रहा है। इसके लिए जीएसटी सुधार, ईज ऑफ डूइंग, स्वदेशी और हरियाणा जैसे हैशटैग चलाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कर सुधारों की जानकारी देना ही नहीं है बल्कि लोगों को भारत में निर्मित वस्तुओं को अपनाने और स्वदेशी की भावना को प्रोत्साहित करने का भी संदेश देना है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान के माध्यम से न केवल व्यापारी वर्ग जागरूक होगा बल्कि आमजन को भी इन सुधारों का सीधा लाभ मिलेगा और हरियाणा व्यापारिक दृष्टि से और अधिक सशक्त बनेगा। महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन पर्व पर श्री अग्रवाल सभा लाडवा के के पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story