भिवानी में बारिश का कहर: भरभराकर गिरी मकान की छत, मलबे के नीचे दबने से विधवा की मौत

भिवानी में बारिश के दौरान गिरी मकान की छत।
हरियाणा के भिवानी जिले के सिवानी मंडी के वार्ड नंबर 3 में बारिश के चलते एक कच्चे मकान की छत ढह जाने से 55 वर्षीय दर्शना देवी की मौत हो गई। कई साल पहले पति की मौत के बाद से वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं। पड़ोसियों के अनुसार यह घटना तब हुई जब दर्शना घर के अंदर चाय बना रही थी। कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश से मकान की छत कमजोर हो चुकी थी। जो अचानक भरभराकर गिर पड़ी और दर्शना देवी मलबे के नीचे दब गईं। घर में मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया, जिससे आस-पड़ोस के लोग मदद के लिए दौड़े।
मौके पर हो चुकी थी मौत
पड़ोसियों ने मिलकर मलबा हटाने की पूरी कोशिश की, लेकिन जब तक दर्शना देवी को बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक का माहौल बना दिया है। दर्शना देवी के परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से खराब थी। पति की मौत के बाद उन्होंने अकेले ही दोनों बेटों को पाला। मजदूरी कर किसी तरह घर का खर्च चलाती थीं। यह हादसा सिर्फ एक मौत नहीं है, बल्कि दो बच्चों के सिर से उनके जीवन का एकमात्र सहारा भी छीन गया है।
प्रशासन से मुआवजे की मांग
इस घटना के बाद वार्ड के लोगों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से कड़ा रुख अपनाने की मांग की है। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि बच्चों को सहारा मिल सके। यह देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और इन अनाथ बच्चों की मदद के लिए क्या योजना बनाता है।
