हरियाणा के दशरथ मांझी: बुजुर्ग ने अकेले ही पहाड़ काटकर पशु पक्षियों के लिए बनाई 90 फुट चौड़ी जोहड़ी, 93 की उम्र में भी सेवा में जुटे

भिवानी में पहाड़ के ऊपर बनाई गई जोहड़ी व समाजसेवी कल्लूराम को सम्मानित करते संस्था के लोग।
हरियाणा के दशरथ मांझी : बिहार के दशरथ मांझी ने पहाड़ का सीना चीरकर गांव वालों के लिए सड़क बनाई थी। वहीं, भिवानी के 93 वर्षीय कल्लूराम ने भी ऐसी ही एक मिसाल कायम की है। करीब 4000 फीट ऊंचे पहाड़ पर पशु-पक्षियों को पानी के लिए तड़पता देखकर उन्होंने सेवा का प्रण लिया। करीब 25 वर्ष की मेहनत से उन्होंने अकेले ही पहाड़ की छाती खोदकर 90 फीट चौड़ी जोहड़ी बना दी। अब इसमें बरसात का पानी इकट्ठा होता है और पशु-पक्षियों को बड़ी राहत मिली हुई है।
पहले पहाड़ पर मटके ले जाकर पानी पिलाया, फिर जोहड़ी खोदने की सोची
गांव अटेला कलां निवासी कल्लूराम बताते हैं कि वे गांव में पशुओं को चराने का काम करते थे। जब उनकी उम्र 18 वर्ष की थी तो वे 4000 फीट ऊंचे पहाड़ के ऊपर भी पशुओं को चराते थे। पहाड़ पर दोपहर के वक्त पानी के अभाव में जीव-जंतु ज्यादा व्याकुल नजर आते थे। कई बार तो वे जीव-जंतुओं के लिए अपने सिर पर मटका रखकर पहाड़ पर पानी पहुंचाते थे। वहां पर पक्षियों के लिए पानी के सकोरे भी रखे। इसी तरह उनकी जवानी गुजरी। जब वे करीब 60 वर्ष के थे तो उन्होंने पहाड़ के ऊपर ही एक जोहड़ी बनाने की सोची, जिसमें बरसात का पानी इकट्ठा हो सके। तब उन्होंने पहाड़ का सीना काटकर जोहड़ी का कार्य शुरू किया। रोजाना पशुओं को चराने के बाद जो समय मिलता, उसमें उन्होंने अकेले ही पहाड़ को काटने का काम शुरू कर दिया। करीब 25 साल के मेहनत में कल्लूराम ने 4000 फीट ऊंचे पहाड़ पर 95 फुट लंबी, 90 फुट चौड़ी व 35 फुट गहरी जोहड़ी तैयार कर दी। जब भी बारिश आई तो आसपास के पूरे पहाड़ का पानी उसी जोहड़ी में जमा हो गया। जिससे पहाड़ पर रहने वाले पशु व पक्षी पानी पीकर निहाल हो गए।
हरियाणा जागृति मोर्चा ने कल्लूराम को किया सम्मानित
अटेला कला निवासी कल्लूराम की इस बेमिसाल उपलब्धि को देखते हुए हरियाणा जागृति मोर्चा की लीगल सेल ने सचिवालय स्थित चैम्बर परिसर में एक कार्यक्रम आयोजन किया। कल्लूराम को फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान मोर्चा की लीगल सेल ने उन्हें एक प्रशंसा पत्र भी दिया। इस मौके पर हरियाणा जागृति मोर्चा के अध्यक्ष राजेश सिंधू ने कहा कि केंद्र सरकार से इस तरह की शख्सियत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना चाहिए। इस मौके पर लीगल सेल के अध्यक्ष अजय भुक्क्ल एडवोकेट प्रभारी एडवोकेट राजेंद्र सूई, सुमन दहिया, संदीप चौपड़ा, वेद प्रकाश भारतीय, कुंदन चौधरी, कुलदीप, भजनलाल, सुंदर दिनोद, विनोद, स्नेहा गुजरानी एडवोकेट, अरविंद बेरान एडवोकेट, प्रशांत बामला, रामजीलाल भिवानी और सतबीर नम्बरदार आदि मौजूद थे।