हरियाणा विधानसभा मानसून सत्र 2025: मनीषा केस पर सदन में कांग्रेस का जोरदार हंगामा, छह बार कार्यवाही स्थगित

haryana vidhan sabha monsoon session 2025 manisha murder case protest congress
X

हरियाणा विधानसभा में बेटी बचाओ के पोस्टर लहराते कांग्रेस विधायक।

हरियाणा विधानसभा में मानसून सत्र शुरू होते ही मनीषा केस का हवाला देकर कांग्रेस ने जोरदार हंगामा किया। छह बार सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। आखिरकार विपक्ष के काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा को मंजूरी मिल गई।

हरियाणा विधानसभा मानसून सत्र 2025 : हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत पहले ही दिन हंगामेदार रही। भिवानी की लेडी टीचर मनीषा की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर कांग्रेस विधायकों ने सदन में जोरदार विरोध दर्ज कराया। विपक्ष ने सरकार पर कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का आरोप लगाया और ‘काम रोको प्रस्ताव’ पर चर्चा की मांग की। हंगामे की वजह से छह बार सदन स्थगित करना पड़ा। आखिरकार स्पीकर ने विपक्ष की मांग मान ली और प्रस्ताव मंजूर कर लिया।

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के पोस्टरों के साथ प्रदर्शन

प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायक हाथों में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ लिखे पोस्टर लेकर वेल में आ गए। नारेबाजी और पोस्टरबाजी के बीच कार्यवाही बाधित हुई। कांग्रेस विधायकों का कहना था कि मनीषा की मौत केवल एक परिवार या जिले का मामला नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा का सवाल है।

स्पीकर ने छह बार रोकी कार्यवाही

विपक्षी हंगामे को देखते हुए स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने पहले सदन को आधे घंटे के लिए स्थगित किया। जब दोबारा कार्यवाही शुरू हुई तो कांग्रेस सदस्य फिर वेल में आ पहुंचे। मजबूरन स्पीकर को दूसरी बार 20 मिनट के लिए सदन रोकना पड़ा। तीसरी बार शुरू हुई कार्यवाही भी नारेबाजी की भेंट चढ़ गई और अंततः फिर से 30 मिनट के लिए सदन स्थगित करना पड़ा। करीब दो घंटे के भीतर यह तीसरी बार था जब विधानसभा की कार्यवाही बाधित हुई। सायं सवा 6 बजे कार्यवाही सोमवार 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। अब दो दिन छुट्टी रहेगी।

CM सैनी और हुड्डा आमने-सामने

हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार मनीषा केस में पूरी तरह गंभीर है। पुलिस ने जांच में तेजी दिखाई है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में तो कई मामलों में FIR तक दर्ज नहीं होती थी। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय में हर मामले की FIR दर्ज कराई जाती थी। उन्होंने कहा कि मनीषा की मौत पर राजनीति करने के बजाय सरकार को निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।

कांग्रेस का काम रोको प्रस्ताव

कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने सदन में कहा कि मनीषा का मामला प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। इसलिए काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा जरूरी है। जब तक सरकार इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करती, तब तक कांग्रेस सदन में सामान्य कार्यवाही नहीं होने देगी। आखिकार सायं करीब 6 बजे स्पीकर ने विपक्ष की जिद के आगे इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया। अब इस पर 26 अगस्त को चर्चा होगी।

शोक प्रस्ताव के साथ हुई थी शुरुआत

इससे पहले विधानसभा की कार्यवाही की शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन पर शोक प्रस्ताव पढ़ने से हुई। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अहमदाबाद हादसे पर शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

विपक्षी दल के नेता के बिना कांग्रेस

गौर करने वाली बात यह रही कि कांग्रेस बिना विपक्षी दल का नेता चुने हुए ही चौथी बार विधानसभा सत्र में शामिल हुई। इस पर मंत्री अनिल विज ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न तो स्पष्ट नेतृत्व है और न ही ठोस निर्णय लेने की क्षमता।

सत्र 27 अगस्त तक चलेगा

मानसून सत्र को लेकर बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में निर्णय लिया गया कि विधानसभा की कार्यवाही अब 27 अगस्त तक चलेगी। इस बीच 23 और 24 अगस्त को अवकाश रहेगा। मंत्री अनिल विज ने बताया कि पहले से तय शेड्यूल की तुलना में एक दिन सत्र को बढ़ाया गया है।

कांग्रेस की रणनीतिक बैठक

सत्र शुरू होने से पहले चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विधायक दल की बैठक हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ कई विधायक मौजूद रहे। बैठक में तय हुआ कि मनीषा केस और कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सत्र के दौरान सरकार को घेरने की रणनीति अपनाएगी।

सीएम ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में कांग्रेस के हंगामे को देखते हुए सर्वदलीय बैठक बुलाई। बैठक में स्पीकर हरविंद्र कल्याण, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल सिंह ढांडा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल, इनेलो विधायक अर्जुन सिंह चौटाला और निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल मौजूद रहे। सीएम ने अपील की कि सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाएं।

कांग्रेस विधायकों के साथ बदसलूकी का मामला उठा

कांग्रेस ने विधायकों के साथ बदसलूकी के आरोप भी लगाए। थानेसर से विधायक अशोक अरोड़ा से हाथापाई मामले को कांग्रेस ने उठाया। इस पर सीएम सैनी ने कहा कि जिन पार्षद पति के साथ इनकी हाथापाई हुई है, वह इनका ही दोस्त है। दोनों एक ही थाली में खाते थे। इस पर अशोक अरोड़ा ने आपत्ति जताई। वहीं, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि जुलाना से विधायक विनेश फौगाट के साथ एसएचओ ने बदसलूकी की है। उन्होंने शिलापट्टों पर कांग्रेस विधायकों का नाम नहीं लिखने का मामला भी उठाया।

क्या है मनीषा मामला

भिवानी के ढाणी लक्ष्मण की मनीषा 11 अगस्त को घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन 13 अगस्त को उसका बुरी हालत में शव बरामद हुआ। परिवार ने पुलिस पर बदसलूकी व लापरवाही के आरोप लगाए। इसके खिलाफ पूरे हरियाणा में जन आंदोलन खड़ा हो गया। शव मिलने के पांच दिन बाद पुलिस ने खुलासा किया कि हमें मनीषा का सुसाइड नोट मिला है। परिजनों व जनता के विरोध पर इस मामले को अब CBI को सौंपा जा रहा है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story