संपत्तिकर को लेकर निगम की सख्ती: मुख्य ब्रांच सील होने के डर से एसबीआई ने किया 15 लाख का भुगतान 

Municipal Corporation Ambala.
X
नगर निगम अंबाला। 
अंबाला में संपत्तिकर न भरने वालों पर निगम की सख्ती को देखते हुए एसबीआई ने 15 लाख रुपए जमा करवाए है। एसबीआई को मुख्य ब्रांच सील होने का डर था।

अंबाला: नगर निगम ने बकाया संपत्ति कर नहीं भरने वाले मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। ऐसे लोगों की प्रॉपर्टी को निगम की ओर से सील किया जा रहा है। प्रताप नगर में निगम ने ऐसी तीन दुकानों को सील किया है, जिनके ऊपर एक लाख 30 हजार रुपए संपत्ति कर बकाया है। शहर में एसबीआई (SBI) की मुख्य ब्रांच ने भी बकाया संपत्ति कर का 15 लाख रुपए निगम में जमा करवाया है। बैंक पर निगम का 30 लाख रुपए का संपत्ति कर बकाया था। निगम कर्मचारियों ने रिकवरी के लिए 50 प्रॉपर्टी मालिकों को नोटिस भेजे थे।

निगम की तरफ से भेजे जा चुके 115 नोटिस

नगर निगम की तरफ से बकाया संपत्तिकर मालिकों को 115 नोटिस भेजे जा चुके है। नोटिस मिलने के बाद अब कई मालिक कर भरने के लिए निगम की ओर दौड़ लगा रहे हैं। निगम (Corporation) की ओर से कई दिनों से सीलिंग कार्रवाई चल रही है। निगम अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई रोजाना चलेगी। शहर में 983 ऐसे मालिक हैं जिनके पास निगम का करोड़ों रुपए संपत्ति कर बकाया है। इनके पास 5 लाख से नीचे कर बकाया है। इसी तरह 162 से ज्यादा ऐसे लोग हैं, जिनके पास 5 लाख से ऊपर कर बकाया है। इन संपत्ति में निजी, व्यवासयिक, बैंक, सरकारी संपत्ति शामिल हैं।

एसबीआई की मुख्य ब्रांच पर था लाखों का बकाया

टैक्स ब्रांच के प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि संपत्ति कर बकाया होने पर प्रतापनगर में एक भवन की तीन दुकानों को सील किया गया है। एसबीआई की मुख्य ब्रांच पर 30 लाख रुपए संपत्ति कर बकाया था। ब्रांच ने नोटिस के बाद 15 लाख जमा करवा दिया है। रोजाना बकाया संपत्ति कर को लेकर कार्रवाई की जा रही है। टैक्स का भुगतान न करने वालों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई चलेगी। उनकी प्रॉपर्टी को सील किया जाएगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story