AAG नियुक्ति पर इनेलो के सवाल: पूर्व BJP अध्यक्ष बराला के छेड़छाड़ के आरोपी बेटे को बनाया लॉ ऑफिसर

हरियाणा में 92 AAG नियुक्ति विवादों में : हरियाणा में कुछ दिन पहले नियुक्त किए गए एडिशनल एडवोकेट जनरल (AAG) की नियुक्ति पर विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे की नियुक्ति पर सबसे ज्यादा विपक्ष हमलावर नजर आ रहा है। कारण है बराला के बेटे विकास पर छेड़छाड़ का मामला। यह मामला एक IAS की बेटी ने 2017 में चंडीगढ़ में दर्ज करवाया था।
इनेलो ने नियुक्ति रद्द करने की मांग की
इनेलो विधायक दल के नेता आदित्य देवीलाल ने कहा कि जो भाजपा प्रदेश की जनता को गुमराह करने के लिए बिना खर्ची-बिना पर्ची और मेरिट पर नौकरी देने के झूठे दावे कर बखान करती है। उन दावों की लगातार पोल खुल रही है। भाजपा की बेशर्मी का आलम यह है कि पोल खुलने के बाद भी झूठ बोलने से बाज नहीं आ रही। आदित्य ने भाजपा द्वारा एडवोकेट जनरल ऑफिस में नियुक्त किए 92 लॉ ऑफिसर पर सवलिया निशान उठाते हुए कहा कि विकास बराला जिसके उपर लड़की के साथ छेड़छाड़ का मुकदमा चल रहा है, उसे भी नियुक्ति दी गई है। आदित्य ने नियुक्ति को रद्द करने की मांग की है।
बाहरी लोगों और रिश्तेदारों की नियुक्ति का आरोप
आदित्य देवीलाल ने आरोप लगाया कि 92 लॉ ऑफिसर की नियुक्ति में बड़े स्तर पर हरियाणा के योग्य प्रतिभागियों के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नियुक्तियों में काफी संख्या में लॉ ऑफिसर बाहर के प्रदेशों के लगाए गए हैं। काफी लॉ ऑफिसर भाजपा नेताओं के रिश्तेदार भी हैं। आदित्य ने दावा किया कि प्रदेश के लगभग ढाई हजार लोगों ने आवेदन किया था, लेकिन सरकार को सबसे काबिल भाजपा नेता का छेड़छाड़ का आरोपी बेटा ही लगा। उन्होंने मांग की कि इन सभी की नियुक्ति रद्द की जाए। और जिन्होंने आवेदन किए हैं उनमें से पारदर्शी तरीके से योग्य लोगों को लॉ ऑफिसर नियुक्त किए जाएं।
