PM मोदी ने विजय रूपाणी को दी श्रद्धांजलि: परिवार से की मुलाकात; बोले- 'गुजरात के विकास में उनका योगदान अमिट है'

PM Modi for Vijay Rupani
X

विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि: परिवार से मिले पीएम मोदी। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व सीएम विजय रूपाणी के निधन पर गहरा दुख जताया। परिवार से मुलाकात की। एक्स पोस्ट में उनके साथ बिताए समय और गुजरात के विकास में योगदान को याद किया।

अहमदाबाद/नई दिल्ली। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता विजय रूपाणी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक लंबा और भावनात्मक पोस्ट साझा करते हुए विजयभाई के साथ अपने दशकों पुराने रिश्ते और राजनीतिक सहयोग को याद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा, मैं और विजयभाई ने साथ मिलकर गुजरात के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने ऐसे कई कदम उठाए, जिनसे गुजरात की विकास दर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। 'ईज ऑफ लिविंग' जैसे प्रयास उनकी सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उनके साथ की गई मुलाकातें और चर्चाएं हमेशा याद रहेंगी।

प्रधानमंत्री ने विजय रूपाणी के राजनैतिक जीवन की भी सराहना की। उन्होंने लिखा- उन्हें जो भी ज़िम्मेदारी सौंपी गई, उन्होंने उसे पूरी ईमानदारी और मेहनत से निभाया। चाहे वह राजकोट नगर निगम, राज्यसभा सदस्य, गुजरात भाजपा अध्यक्ष, या फिर गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में रही हो – उन्होंने हर भूमिका में संगठन और जनता के हित में उत्कृष्ट योगदान दिया।

विनम्रता और विचारधारा के प्रति निष्ठा की मिसाल

  • पीएम मोदी ने रूपाणी के व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा, विजयभाई विनम्र, मेहनती और समर्पित नेता थे। भाजपा की विचारधारा के प्रति उनकी निष्ठा अटूट थी। हमने कई बार कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया – चुनौतियों से भरे समय में भी। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।
  • प्रधानमंत्री मोदी ने विजय रूपाणी के परिवार से भी मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। पोस्ट के अंत में पीएम मोदी ने लिखा, विजयभाई अब हमारे बीच नहीं हैं, यह यकीन कर पाना मुश्किल है। मैं दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और करीबियों के साथ हैं।

विजय रूपाणी की राजनीतिक उपलब्धियां

  1. विजय रूपाणी ने अपना राजनीतिक जीवन राजकोट नगर निगम से शुरू किया। 2006 में राज्यसभा सांसद बने और वहां भी गुजरात के हितों की मुखर आवाज रहे। उन्होंने गुजरात भाजपा अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूती दी।
  2. 2016 से 2021 तक वे गुजरात के मुख्यमंत्री रहे, इस दौरान उन्होंने 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस', 'ईज ऑफ लिविंग', डिजिटलीकरण और निवेश आकर्षण जैसे कई अभियान चलाए। उनके नेतृत्व में गुजरात ने कई राष्ट्रीय स्तर की विकास रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया।

जनता के प्रिय नेता रुपाणी
विजय रूपाणी की सादगी, मिलनसार स्वभाव और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता ने उन्हें जनता का प्रिय बना दिया था। वे बिना शोर-शराबे के काम करने वाले नेता थे। उनके कार्यकाल में गुजरात ने औद्योगिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के विकास में उल्लेखनीय प्रगति की।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story