दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की शाम को एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह एक मोबाइल स्नैचर का पीछा कर रहा था। मृतक की पहचान 21 वर्षीय रोहित कुमार कश्यप के रूप में हुई है। वह ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी में बतौर सिक्योरिटी गार्ड था। बहरहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी मोबाइल स्नैचर की तलाश शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित रोजाना की तरह अपने काम से घर लौटने के लिए दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने के लिए खड़ा था। इसी दौरान एक मोबाइल स्नैचर आया और उसका मोबाइल छीनकर फरार होने लगा। रोहित ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। रोहित को आते देख मोबाइल स्नैचर ने रेलवे ट्रैक पर छलांग लगा दी और दूसरी तरफ भागने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोबाइल स्नैचर प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 की तरफ भागा। रोहित भी उसके पीछे रेलवे ट्रैक पर कूद गया। इस दौरान पुरानी दिल्ली की तरफ से गाजियाबाद की तरफ जाने वाली ट्रेन आ रही थी। मोबाइल स्नैचर ने ट्रेन के आगे से छलांग लगाकर ट्रैक पार कर लिया, लेकिन रोहित को ट्रेन का पता ही नहीं चला। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इसी आपाधापी में मोबाइल स्नैचर भी फरार होने में कामयाब हो गया। सूचना पाते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटाया। शव को कब्जे में लेने के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संबंधित जांच अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बहरहाल, मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।