IndiGo Airlines: दिल्ली एनसीआर में मंगलवार को बारिश को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया था। इसे देखते हुए एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने भी अपने यात्रियों को लेकर मंगलवार को एक एडवाइजरी जारी की। एडवाइजरी में कहा गया है कि राजधानी में खराब मौसम के चलते उड़ानों में रुकावट आ सकती है। इसके अलावा आसमान में बादल छाए रहने की वजह से उड़ानें प्रभावित भी हो सकती हैं। इस वजह से कंपनी ने सलाह देते हुए कहा कि यात्री कंपनी की वेबसाइट या फिर ऐप पर अपनी उड़ान के बारे में जानकारी लेने के बाद ही घर से निकलें।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किए एक पोस्ट में कंपनी की तरफ से लिखा गया कि " दिल्ली में खराब मौसम के कारण उड़ानों के शेड्यूल पर असर पड़ा है। हम मौसम पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और आपको आपकी मंज़िल तक सुरक्षित और सुचारू रूप से पहुँचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आप हमारी वेबसाइट या ऐप के ज़रिए अपनी उड़ान की स्थिति (Flight Status) के बारे में जानकारी लेते रहें। कृपया निश्चिंत रहें कि हमारी टीमें हर कदम पर आपकी सहायता करने और आपको पूरा सहयोग देने के लिए यहाँ मौजूद हैं। हमें उम्मीद है कि आसमान जल्द ही साफ होगा और हम जल्द ही अपने नियमित शेड्यूल पर लौट पाएँगे। आपके धैर्य और समझ के लिए धन्यवाद।"
इंडिगो की तरफ से यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है, जब मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए दिल्ली एनसीआर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मौसम विभाग के अलर्ट जारी करने के बाद 2 बजे से शहर के कुछ हिस्सों में बारिश होनी शुरू भी हो गई है।