Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में मौसम एक बार फिर से बदल गया है। लगातार तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

Delhi Weather: दिल्ली के लोगों को अब गर्मी का असर महसूस होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में और गर्मी पड़ने वाली है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। रविवार को यह और बढ़कर 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो रविवार तक यह 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 

पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा था। अप्रैल के शुरू में कई जगहों पर ठंड का अहसास हुआ और दिन का तापमान 27 से 29 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी 15 से 17 डिग्री तक गिर गया था। लेकिन अब मौसम साफ हो रहा है और धूप तेज हो गई है। इससे तापमान में 8 से 10 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में यह बदलाव साफ दिख रहा है।

रविवार को कैसा रहेगा मौसम

रविवार को दिल्ली में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने की उम्मीद है। दिन में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इससे दिल्लीवासियों को गर्मी का एहसास ज्यादा होगा। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों में तापमान सामान्य से ऊपर चला जाएगा।

क्या है दिल्ली की हवा का हाल?

दिल्ली में इन दिनों हवा की गुणवत्ता मध्यम स्तर पर बनी हुई है। कल 10 अप्रैल को शाम 4 बजे CPCB के अनुसार, दिल्ली का AQI 151 रहा, जो मध्यम श्रेणी में आता है। आज 11 अप्रैल को भी सुबह नौ बजे दिल्ली का 126 दर्ज किया गया। इसके अलावा तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में थोड़े सुधार की उम्मीद है, लेकिन अगले कुछ दिनों में AQI मध्यम से खराब श्रेणी में रह सकता है।