यह कार्यक्रम लोगों को मोटापा से दूर रखने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। आज इस कार्यक्रम में देश के कई दिग्गज एथलीट शामिल हुए हैं।

नई दिल्ली में आज रविवार को फिट इंडिया मूवमेंट के तहत संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लोगों को मोटापा से दूर रखने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। आज इस कार्यक्रम में देश के कई दिग्गज एथलीट शामिल हुए और लोगों को फिट रहने का संदेश दिया। 

मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व हॉकी खिलाड़ी रूपिंदर पाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने फिट इंडिया मूवमेंट की अच्छी मुहिम शुरू की थी। उन्होंने देशवासियों को फिट रहने का संदेश दिया है। हम सभी को फिट रहना चाहिए। अगर हम ऐसे आयोजनों में हिस्सा लेते हैं, तो हम मानसिक और शारीरिक, दोनों तरह से फिट रहते हैं। उन्होंने बताया कि हमें कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिली है, जिसका जश्न मना रहे हैं। 20 साल बाद फिर से कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन होना खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स के मुकाबले इस बार के कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का बेहतर प्रदर्शन होगा। उन्होंने आम लोगों को संदेश दिया कि जब भी समय मिले, साइकिलिंग अवश्य करनी चाहिए। इसके अलावा शारीरिक व्यायाम करके भी खुद को फिट बना सकते हैं।

आईएएनएस से बातचीत में साइकिलिस्ट तन्वी ने कहा कि यहां बहुत भीड़ है। सूरज भी नहीं निकला था, लेकिन लोग साइकिल चलाने के लिए यहां भारी संख्या में पहुंच गए। यह उनका फिट होने का जज्बा दर्शाता है। वहीं कोरियोग्राफर अतुल जिंदल ने कहा कि साइकिल चलाना अच्छा है। अगर हम रोजमर्रा की जिंदगी में साइकिल चलाते हैं तो हम पर्यावरण और सेहत दोनों का ध्यान रख सकते हैं।

वहीं स्वीटी मलिक ने कहा कि इस कार्यक्रम में बतौर मेहमान शामिल हुई हूं। यहां आकर अच्छा लगा है। 65 वर्षीय महिला साइकिलिस्ट सुशील अंतिल ने बताया कि आज के युवा मोबाइल की दुनिया से बाहर नहीं निकलते। इन लोगों को फिट इंडिया मूवमेंट जैसे कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर खुद को फिट रखने की कोशिश करनी चाहिए।

बता दें कि फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल एक राष्ट्रव्यापी फिटनेस अभियान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को मोटापा से छुटकारा पाने के लिए संतुलित दिनचर्या अपनाने का आह्वान किया था। इस कड़ी में युवा मामले और खेल मंत्रालय ने दिसंबर 2024 में फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल कार्यक्रम की शुरुआत की थी। साइकिल चलाना बेहतरीन व्यायाम है। यह ह्रदय और मस्तिष्क को स्वस्थ रखता है। साथ ही, युवाओं को बढ़ते मोटापे की समस्या से निपटने में भी मदद करता है। अब स्कूली बच्चों से लेकर प्राइवेट और सरकारी कर्मचारी, इस अभियान में बढ़कर हिस्सा लेकर खुद को फिट बनाने की कोशिश में जुटे हैं।