Satta King: टी20 वर्ल्ड कप 2026 मुकाबला जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे क्रिकेट प्रशंसकों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। ऐसे में सट्टा किंग क्रिकेट की आड़ में जुआ खिलवाकर ज्यादा से ज्यादा मोटी रकम कमाना चाहता है। देश की राजधानी दिल्ली में भी एक स्थानीय सट्टा किंग ने जुआ खिलवाने के लिए पिच तैयार कर ली, लेकिन इससे पहले कि नतीजा सामने आता, दिल्ली पुलिस ने उसकी पूरी गेम ही पलट दी। पश्चिमी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी करने के मामले में तीन आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि तिलक नगर इलाके से सूचना मिली थी कि यहां के एक फ्लैट में क्रिकेट के नाम पर सट्टा खिलवाया जा रहा है। इस पर तुरंत एक विशेष टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। पुलिस ने पाया कि जिम्बाब्वे और श्रीलंका के बीच लाइव मैच पर सट्टेबाजी की जा रही है।
पुलिस को देखते ही जुआरियों में हड़कंप मचा और भागने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं रहे। उपायुक्त डी शरद भास्कर ने बताया कि मौके से 12 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, फाइबर राउटर और चार्जर बरामद किए हैं। जांच में पता चला कि आरोपी अवैध वेबसाइट के माध्यम से सट्टेबाजों के संपर्क में थे और दांव लगा रहे थे।
1.0 प्वाइंट को 1.01 रुपये के बराबर रखा गया था। डिजिटल भुगतान होते ही सट्टेबाजों के खातों में पाइंट्स क्रेडिट कर दिए जाते। उन्होंने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ जारी है।
यह भी पढ़ें : पैरीमैच पूरी दुनिया को खिला रही सट्टा, जानिये क्या भारतीय भी लगा सकते हैं ऑनलाइन दांव?
सट्टा किंग ने किराए पर लिया था फ्लैट
यहां भी सट्टा किंग ने जुआ खिलवाने के लिए एक फ्लैट किराए पर लिया था। मुख्य आरोपी का नाम राजकुमार बताया गया है। दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई करने के बाद वो निहाल विहार में बतौर प्रॉपर्टी डीलर का भी काम कर रहा है। वहीं दो अन्य आरोपियों का नाम अशोक कुमार चौधरी और सैनी कुमार हैं, जो कि झारखंड के रांची के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों राजकुमार के यहां 25000 रुपये प्रति माह वेतन के तौर पर काम कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल नंबर, बैंक खातों समेत अन्य जानकारियां खंगाली जा रही हैं ताकि इस गिरोह से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।