दिल्ली नगर निगम के सदन की शनिवार को हुई बैठक हंगामेदार रही। भारतीय जनता पार्टी ने बैठक की शुरुआत होते ही हंगामा करना शुरू कर दिया। दुकानों के डी सीलिंग के मुद्दे पर भाजपा पार्षदों ने जमकर नारेबाजी की। हंगामे के चलते चर्चा नहीं हो सकी, लेकिन दो प्रस्ताव पारित कर दिए गए। इसके बाद सदन की कार्यवाही अगली तिथि के लिए स्थगित कर दी गई।
एमसीडी मेयर शैली ओबेरॉय ने भाजपा पर साधा निशाना
एमसीडी मेयर शैली ओबेरॉय ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने व्यापारियों को आश्वासन दिया था कि उनके लिए भी राहत लेकर आएंगे। अब नगर निगम में भी आम आदमी पार्टी की सरकार है, इसलिए भाजपा हमें काम करने दे। नीचे देखिये वीडियो...
बीजेपी ने आम आदमी पार्टी पर लगाए आरोप
दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सरदार राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली नगर निगम की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो आप पार्टी ने कोर्ट के आदेश आने के बावजूद एक भी दुकान डी- सील नहीं की, वहीं दूसरी ओर अमर कॉलोनी मार्केट में 11 दुकानें दिल्ली नगर निगम द्वारा सील कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि अगर आप पार्टी वास्तव में दुकानों को डी-सील करना चाहते थे, तो आज सदन की कार्रवाई में निगमायुक्त से कहलवाते कि भविष्य में दिल्ली में कोई भी दुकान सील नहीं होगी और कहीं भी तोड़फोड़ नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मेयर साहिबा डी-सीलिंग के मुद्दे पर सदन बुला रही हैं, वहीं दूसरी तरफ निगम द्वारा लाजपत नगर की अमर कॉलोनी मार्केट में 11 दुकानें सील कर दी गई हैं। भाजपा के पार्षदों ने सीलिंग का विरोध किया तो उनपर कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी गई। उन्होंने मेयर से सवाल पूछा कि वे दुकानों को डी-सील करने के लिए क्या वे पार्टी आलाकमान का इंतजार कर रही हैं ?