Old Gurugram Metro: ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के डिजाइन को भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा तय नए भूकंपरोधी मानकों के तहत तैयार किए जाएंगे।

Old Gurugram Metro: भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की ओर से भूकंपीय एरिया निर्धारण से जुड़े नियमों में किया गए संशोधन का असर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना पर पड़ रहा है। इन बदलावों के बाद गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) को मेट्रो के निर्माण से जुड़े पूरे  स्ट्रक्चरल डिजाइन को नए सिरे से बनाया जा रहा है।  

जानकारी के मुताबिक, BIS ने पिछले साल नवंबर में भूकंपरोधी निर्माण से जुड़े मानकों में बदलाव किया था। पहले दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र भूकंपीय जोन-4 में आता था, लेकिन नए दिशा-निर्देशों के चलते जोन-5 के कुछ सख्त प्रावधानों को अब जोन-4 में शामिल कर दिया गया है। इस बदलाव की वजह से GMRL द्वारा पहले बनाए गए डिजाइन अब मान्य नहीं हैं, जिसकी वजह से परियोजना का खाका फिर से तैयार किया जा रहा है। 

GMRL के सीनियर अधिकारी के मुताबिक, नए मानकों के अनुसार डिजाइन तैयार करने के लिए डिजाइनरों और योजनाकारों की संख्या को भी बढ़ा दिया गया है। एजेंसी कोशिश कर रही है कि निर्माण की समय-सीमा पर इसका कोई गलत प्रभाव ना पड़े। नए नियमों के तहत मेट्रो के स्तंभों, पाइल्स, स्पैन और दूसरे संरचनात्मक हिस्सों के डिजाइन को पूरी तरह अपडेट किया जा रहा है, ताकि BIS द्वारा अधिसूचित भूकंपीय जोन-5 की जरूरतों को पूरा किया जा सके।

नए भूकंपरोधी मानकों के तहत बनेंगे सभी डिजाइन

अधिकारियों का कहना है कि मेट्रो के पिलर, कंक्रीट और स्टील के इस्तेमाल से जुड़े सभी डिजाइन नए भूकंपरोधी मानकों के तहत तैयार किए जा रहे हैं, वहीं ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे फेज के निर्माण का टेंडर भी इन्हीं अद्यतन भूकंपरोधी डिजाइनों के आधार पर जारी किया जाएगा। 

सिग्नेचर ग्लोबल के स्ट्रक्चर्स विभाग के अध्यक्ष योगेश भसीन का कहना है कि, नई भूकंपीय अधिसूचना के बाद दिल्ली-एनसीआर में जोन-5 के मानकों को अपनाना जरूरी हो गया है, इसका मतलब है कि अब ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का ढांचा रिक्टर स्केल पर 7 तीव्रता तक के भूकंप को झेल सकता है। तेज झटकों के हालात में भी मेट्रो के पिलरों और दूसरी संरचनाओं को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए, इसके लिए विशेष तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।   

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।