Noida Traffic: नोएडा में  मास्टर प्लान रोड नंबर-3 स्थित पर्थला गोलचक्कर पर ट्रैफिक की समस्या से छुटकारा पाने के लिए प्राधिकरण ने प्लान बनाया है। प्लान के तहत पर्थला गोलचक्कर को छोटा करके और दोनों तरफ यूटर्न बनाने के साथ-साथ दूसरी व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि ट्रैफिक की समस्या से छुटकारा मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि पर्थला गोलचक्कर पर सेक्टर-71 से सीधे किसान चौक की तरफ आने-जाने के लिए सिग्नेचर ब्रिज बनाया गया है, बाकी जगहों पर जाने के लिए ट्रैफिक खत्म करने की तैयारी की जा रही है।  

अधिकारियों के मुताबिक, सेक्टर-71 की तरफ से जाकर सेक्टर-122 की तरफ जाने के लिए ड्राइवर पर्थला गोलचक्कर से ही उल्टी दिशा में आकर टर्न होते हैं, जिसके चलते हादसे का खतरा बना रहता है और ट्रैफिक की समस्या भी मिलती है। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए गोलचक्कर से मिलाते हुए एक यूटर्न बनाया जाएगा, जिससे गाड़ियां सेक्टर-122 की तरफ टर्न हो सकेंगी।  

टेंडर किया जारी

मौजदा समय में सेक्टर-71 की ओर से FNG पर सोरखा की ओर जाने वालों के लिए अभी गोलचक्कर पर बैरिकेडिंग लगाकर अस्थायी तौर पर रास्ता बंद कर दिया गया है। इन गाड़ियों को FNG पर छिजारसी की ओर रवाना किया जाता है, इसके अलावा यहां से कुछ दूरी पर ही बने यूटर्न से घूमकर किसान चौक की ओर निकाला जाता है। गोलचक्कर पर कट परमानेंट बंद करके यूटर्न को ठीक से बनाया जाएगा। 

कब शुरू होगा काम ?

प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि कट बंद कर यूटर्न बनाने के अलावा जाम कम करने को कुछ जरूरी उपायों की व्यवस्था की जाएगी। इस काम को लेकर टेंडर भी जारी कर दिया गया है, जिसमें 19 फरवरी तक आवेदन किया जा सकता है। अगर इस टेंडर में पर्याप्त संख्या में एजेंसियां आवेदन करती हैं और मानकों को पूरा करने पर  फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। टेंडर में एजेंसी का चुनाव होने पर मार्च के अंत तक काम शुरू कर दिया जाएगा।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।