Raghav Chadha: हरिवंश राय को तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति के रूप में निर्वाचित किया गया है। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने सदन में अपनी बात रखी। उन्होंने सभापति सीपी राधाकृष्णन से कहा कि मैं जिस पार्टी से आता हूं। उस पार्टी के नेता फिलहाल यहां मौजूद नहीं हैं। इसके अलावा जिनको मेरी पार्टी की तरफ से डिप्टी लीडर बनाया गया है वह भी यहां मौजूद नहीं हैं। राघव चड्ढा ने आगे कहा कि मुझे पार्टी ने हाल ही में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया है लेकिन फिर भी मैं यहां पर मौजूद हूं।
इस दौरान राघव चड्डा ने सदन में कहा कि " मैं हरिवंश जी को उनके उप सभापति के तीसरे कार्यकाल के लिए बधाई देता हूं। मेरा व्यक्तिगत रिश्ता हरिवंश जी के साथ खट्टा मीठा रहा है। खट्टा उस समय जब वह विषय से आगे चले जाते हैं और डांट भी खाते हैं। मीठा उस समय जब टॉपिक पर रहकर सटीक बात करते हैं। तब उनकी पर्ची और उनका आशीर्वाद आता है।"
राघव चड्ढा ने आगे कहा कि, " मै अपनी तरफ से प्रयास करूंगा कि यह खट्टा-मीठा रिश्ता, मीठा-मीठा रिश्ता बने। खटास रिश्ते से समाप्त हो। उनसे अनुरोध करूंगा कि जब हमारा समय समाप्त हो जाता है और घंटी बजा देते हैं। अगर उसके बाद भी एक दो मिनट हमें ज्यादा दे दें तो हम अपनी बात को और मजबूती से रख पाएंगे।"
सभापति को भी दी बधाई
इस दौरान राघव चड्ढा ने सदन में सभापति सीपी राधाकृष्णन से कहा कि, " सर् मैं आपको भी बधाई देना चाहूंगा कि जब से आप इस सदन के अध्यक्ष बने हैं। तब से हम तमाम मेंबर्स को बोलने का काफी मौका मिलता है। उसका सबसे बढ़िया उदाहरण यह कि आपसे पहले जीरो आवर में मात्र पांच या सात सांसदों को ही बोलने का मौका मिलता था और जब से आप गद्दी पर विराजमान हुए हैं तब से 20 से 22 सदस्यों को बोलने का मौका मिलता है।