Gogi Gang Member Murder: दिल्ली के रोहिणी में गोगी गैंग के सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

Gogi Gang Member Murder: दिल्ली के रोहिणी इलाके में शनिवार देर रात गोगी गैंग से जुड़े एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जांच में सामने आया है कि मृतक रोहिणी में अपने परिवार के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार 2 बदमाशों ने गोली चलाकर युवक की हत्या की है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला रोहिणी सेक्टर-17 का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान साहिल सोलंकी के तौर पर हुई है। साहिल अपने परिवार के साथ इसी इलाके में रहता था। साहिल पर बाइक सवार 2 बदमाशों ने गोली चलाई है। पुलिस क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए कई खाली कारतूस बरामद किए हैं। वहीं पुलिस ने मृतक के दाहिने हाथ के पास से चाकू भी बरामद किया है।  

एडिशनल DCP राजीव रंजन का कहना है कि साहिल सोलंकी कुछ दिन पहले जेल से बाहर आया था, उसके खिलाफ आपराधिक रिकॉर्ड भी रहे हैं। जांच में पता लगा है कि मृतक के खिलाफ हत्या समेत 3 मामलों की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि मृतक दिल्ली-एनसीआर के कुख्यात गोगी गैंग से जुड़ा हुआ था, हालांकि इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 

पुलिस को टिल्लू गैंग पर शक

पुलिस ने संभावना जताई है कि इस वारदात के पीछे टिल्लू गैंग का हाथ हो सकता है। गोगी और टिल्लू गैंग काफी लंबे वक्त से एक-दूसरे के दुश्मन रहे हैं। दोनों के बीच पहले भी कई बार टकराव हो चुका है, जिसकी वजह से  पुलिस गैंगवार की आशंका को भी गंभीरता से देख रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलावरों ने साहिल पर फायरिंग की और तुरंत वहां से निकल गए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। इसके अलावा लोकल नेटवर्क और टेक्निकल सर्विलांस की मदद भी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।  

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।