Toy Car Bomb Blast: दिल्ली को दहलाने की एक बड़ी साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) के संयुक्त ऑपरेशन में मुंबई से 2 कट्टरपंथी संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी खिलौना कार में IED बम छिपाकर दिल्ली में धमाका करने का प्लान बनाया था।एजेंसियों का कहना है कि इस मॉड्यूल का कनेक्शन पाकिस्तान से लेकर भारत के कई राज्यों तक फैला हुआ है।
कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और महाराष्ट्र ATS ने एक संयुक्त ऑपरेशन में जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी पहचान मोसाब अहमद उर्फ कलाम कल्याण और मोहम्मद हमद कोल्लारा के तौर पर हुई है। जांच में सामने आया है कि दोनों काफी लंबे वक्त से कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल थे।
दोनों दिल्ली में एक बड़े आतंकी हमले की प्लान बना रहे थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली लाया गया है। जांच एजेंसियों का कहना है कि दोनों आरोपी इंटरनेट की सहायता से आतंकी संगठनों से जुड़े हुए थे, और बम बनाने की ट्रैनिंग ले रहे थे।
जैश-ए-मोहम्मद-ISIS से कनेक्शन
जांच में यह भी पता चला है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और इस्लामिक स्टेट (ISIS) से जुड़े हुए थे। इसके अलावा वे ऑनलाइन चरमपंथी नेटवर्क ‘मिशन खिलाफत’ और ‘सोल्जर्स ऑफ प्रोफेट’ जैसे ग्रुप से भी दोनों का कनेक्शन था। इन नेटवर्क्स की सहायता से कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने और युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने का काम किया जाता है।
बू हुफेजा के जरिए संपर्क में आए
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी बू हुफेजा नाम के एक ऑनलाइन हैंडलर के माध्यम से संपर्क में आए थे। अबू हुफेजा जैश-ए-मोहम्मद से कनेक्ट है। एजेंसियों का कहना है कि इसी शख्स ने दोनों आरोपियों का ब्रेनवॉश करके उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार किया है। जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बनाना सीख रहे थे। आरोपियों का प्लान था कि खिलौना कार के अंदर बम छिपाकर दिल्ली में धमाका किया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा जान-माल का नुकसान हो सके।