Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने मधु विहार में छापेमारी करके कली ENO और Nescafé बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।  

Delhi Police: दिल्ली के मधु विहार में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की साइबर सेल और साउदर्न रेंज ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली ENO और Nescafé बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली प्रोडक्ट बरामद किए हैं, जिसमें  करीब 1 लाख ENO सैशे, 50 हजार नकली कॉफी सैशे, 500 किलो कॉफी पाउडर और पैकेजिंग मशीनें शामिल हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ करके अन्य आरोपियों के बारे में पता लगाएगी।  

जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम दास, पापाई दास उर्फ पंकज, नितिन भारद्वाज और संजय बंसल के तौर पर हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि 2 फ्लैट्स में अवैध फैक्ट्रियां चलाई जा रही हैं, जिसमें नकली प्रोडक्ट बनाए जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी शुरू कर दी, जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी नितिन भारद्वाज को देहरादून से, और संजय बंसल को कश्मीरी गेट के पास से अरेस्ट किया गया है।  

आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज 

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि बरामद सभी उत्पाद पूरी तरह से नकली हैं। आरोपियों के पास  इन उत्पादों की ब्रांड्स के नाम पर उत्पादन या बिक्री की कोई ऑफिशियल परमिशन नहीं थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है, ताकि इस अवैध व्यापार को पूरी तरह खत्म किया जा सके।