Lashkar Terrorist Shabbir Ahmed: दिल्ली पुलिस की स्पेशल से ने आज 30 मार्च सोमवार को आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए लश्कर कमांडर शब्बीर अहमद लोन को दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया है। शब्बीर अहमद पर आरोप है कि वह बांग्लादेश में बैठकर ISI के इशारे पर लश्कर का मॉड्यूल तैयार करता था।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि शब्बीर बांग्लादेश में बैठकर भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर चलाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि हाल ही में सामने आया 'मेट्रो पोस्टर केस' के आतंकी मॉड्यूल का मास्टरमाइंड और हैंडलर शब्बीर अहमद है।
पहली बार 2007 में हुआ था गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शब्बीर अहमद लोन को राजा और कश्मीरी के नाम से भी जाना जाता था। शब्बीर श्रीनगर के कंगन गांव का रहने वाला था। स्पेशल सेल ने शब्बीर को पहली बार साल 2007 में भारी मात्रा में हथियारों जैसे AK-47 और ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया था। शब्बीर साल 2018 तक तिहार जेल में बंद रहा था। 2007 में जब शब्बीर को गिरफ्तार किया गया तो उसका कनेक्शन जमात-उद-दावा के चीफ और आतंकी हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी से थे।
ISI से फंडिंग और समर्थन मिला
आतंकी शब्बीर के बारे में यह भी सामने आया है कि उसने पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद स्थित लश्कर कैंप से आतंकी ट्रेनिंग (दौरा-ए-आम और दौरा-ए-खास) ली है। मौजूदा समय में वह बांग्लादेश में रहकर भारत के खिलाफ लश्कर के ऑपरेशनों को ऑपरेट कर रहा था। शब्बीर को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से फंडिंग और समर्थन मिल रहा था। शब्बीर भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी युवाओं को आतंकी साजिशों में भर्ती करने का काम करता था। फिलहाल पुलिस शब्बीर से पूछताछ करके उसके सहयोगियों और दूसरे नेटवर्क का पता लगाएगी।