Delhi Murder Case: राजधानी दिल्ली के गोकुलपुरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आ रहा है। यहां एक शख्स पर अपनी पत्नी के दोस्त की हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पत्नी के दोस्त को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी पति घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान रवि के रूप में हुई है। गोकुलपुरी पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने ही अपने पति के खिलाफ शिकायत दी है। जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है। 35 साल की महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया की रहने वाली है। अब से करीब दस महीने पहले उसका पति गौरी शंकर यादव बीमार था, जिसके इलाज के लिए महिला ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और दौरान महिला की मुलाकात रवि से हुई। महिला के अनुसार रवि ने महिला के बुरे वक्त में उसकी काफी सहायता की। जिसके चलते दोनों की दोस्ती हो गई

इस दौरान ठीक होने के बाद गौरी शंकर यादव काम के सिलसिले में सूरत चला गया। और दो महीने बाद उसने वहां से पैसे भेजने बंद कर दिए। आर्थिक तंगी के चलते महिला ने रवि से मदद लेकर गोकुलपुरी में परांठे की ठेली लगानी शुरू की। करीब एक महीने पहले ही रवि ने महिला को किराए पर एक कमरा दिलाया। इसके बाद महिला, उसके बच्चे और रवि साथ साथ उसी कमरे में रहने लगे। महिला का आरोप है कि आरोपी 6 फरवरी को सूरत से दिल्ली वापस लौट आया। इसके बाद महिला और उसके पति के बीच घर में रवि की मौजूदगी और रवि के साथ उसके संबंधों को लेकर विवाद होने लगा।

7 फरवरी की रात को जब दोनों के बीच विवाद बढ़ा तो महिला ने रवि को छत पर सोने भेज दिया। जिसके बाद गौरी शंकर भी अपना विस्तर लेकर छत पर सोने चला गया। महिला ने बताया कि देर रात उसका पति नीचे से ऊपर जीने में चक्कर लगा रहा था और अपनी पत्नी को झांक झांक कर देख रहा था। सुबह होने पर जब महिला छत पर गई तो उसने देखा कि छत पर रवि की लाश खून से लथपथ पड़ी है। रवि के शव के पास में एक डंडा पड़ा था और आरोपी गौरी शंकर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।

इसके बाद महिला ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और सबूत जुटाए। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ने भागने से पहले किसी जानने वाले से गांव भागने की बात कही थी। महिला का आरोप है कि उसके पति ने रवि की हत्या, उसके और रवि के बीच संबंधों के शक को लेकर की है। महिला का आरोप है कि उसने पहले रवि को जान से मारने की धमकी दी थी। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।