CM Rekha Gupta: दिल्ली के जनकपुरी इलाके में बीते दिनों एक सड़क हादसे में कमल ध्यानी नामक युवक की मौत हो गई थी। कमल की बाइक दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्डे में गिर गई थी और जल बोर्ड द्वारा की गई इस लापरवाही में उत्तराखंड के रहने वाले कमल ध्यानी की मौत हो गई थी। लेकिन अब इस परिवार के लिए राहत की खबर सामने आ रही है। दिल्ली सरकार की तरफ से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने के साथ-साथ परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का फैसला लिया है।
पीड़ित परिवार को दी जाएगी मदद
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शनिवार को गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनिल बलूनी ने मुलाकात की। उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता से इस मामले में मदद करने की सिफारिश की। उन्होंने सीएम को अवगत कराया कि मृतक कमल ध्यानी अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी अकाल मृत्यु से परिवार दोहरे संकट में फस गया है। एक तो बेटे को खोने का गम दूसरा घर के खर्चे चलाने की समस्या। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीएम रेखा गुप्ता ने अनिल बलूनी को भरोसा दिलाया और पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने की बात कही। इस पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार जल्द ही आर्थिक मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को रोजगार दिया जाएगा, जिससे परिवार के भविष्य को सुरक्षित रखा जा सके।
बैंक कर्मचारी था मृतक कमल ध्यानी
ऐसा बताया जाता है कि उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के खंदवाड़ी गांव के रहने वाले कमल ध्यानी एक निजी बैंक में कार्यरत थे। 6 फरवरी को जनकपुरी में एक 15 फीट गहरे गड्डे में बाइक गिरने से कमल ध्यानी की मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे की मौत हादसे से नहीं बल्कि सिस्टम की लापरवाही कि वजह से उसकी हत्या हुई है। इस हादसे के बाद उत्तराखंड के प्रवासी और स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली थी। लोगों ने 15 फरवरी को घटनास्थल पर विरोध प्रदर्शन भी किया था। इस दौरान लोगों ने न्याय की गुहार लगाई और सिस्टम की लापरवाही पर भी सवाल उठाए। परिजनों का मानना है कि समय पर अगर कमल को सहायता मिल जाती या फिर सुरक्षा के इंतजाम किए गए होते तो शायद कमल की जान बच जाती।








