Delhi Nutrition Program: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज 28 फरवरी शनिवार को अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित 'मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम' में शामिल हुई थीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए 'मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम' शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों की ऊर्जा और पढ़ाई में सहयोग के लिए उन्हें पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिए ऊर्जा बहुत जरूरी है।
मीडिया से बात करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, 'दिल्ली में बच्चों के लिए मॉर्निंग न्यूट्रिशन ड्राइव शुरू की जा रही है। दिल्ली सरकार, अक्षय पात्र फाउंडेशन के साथ मिलकर यह पक्का करेगी कि बच्चों को सुबह स्कूल पहुंचने पर पौष्टिक खाना मिले। हम चाहते हैं कि बच्चे एक्टिव और एनर्जेटिक रहें ताकि वे अच्छी तरह से पढ़ाई कर सकें, जिसके लिए उनकी डाइट और न्यूट्रिशन बहुत ज़रूरी है।
स्टूडेंट्स को मिड-डे मील लंबे समय से दिया जा रहा है लेकिन अक्षय पात्र फाउंडेशन को मॉर्निंग न्यूट्रिशन की भी ज़रूरत महसूस हुई। यह हम सभी के लिए एक अच्छा अनुभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बच्चों में अच्छी डाइट और न्यूट्रिशन की ज़रूरत पर बहुत ज़ोर दिया है। इससे स्टूडेंट्स स्कूल आने के लिए मोटिवेट होंगे और उन्हें अच्छी तरह से पढ़ाई करने में मदद मिलेगी।'
अटल कैंटीन भी की शुरू
सीएम रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि, प्रोग्राम शुरू करने का उद्देश्य यह पक्का करना है कि बच्चों को सुबह घर से निकलने, स्कूल पहुंचने पर भी पौष्टिक खाना मिले। स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए न्यूट्रिशन बहुत जरूरी है ताकि वे अपनी एनर्जी पढ़ाई में लगा सकें। बता दें कि दिल्ली सरकार ने इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को केवल 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए अटल कैंटीन योजना को शुरू किया था।
पहले फेज में 45 स्थानों पर अटल कैंटीन खोली गई हैं। उद्घाटन के दिन आम जनता को फ्री में भोज दिया गया था। नेहरू नगर में अटल कैंटीन के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद भी शामिल हुए थे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 5 रुपये का भोजन टोकन जारी किया, खुद भी भोजन खरीदकर खाया था।