Delhi Police: राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां कुछ स्थानीय लोगों ने एटीएम ठीक करने आए इंजीनियर की चोर समझकर पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि इंजीनियर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 22 साल का हिमांशु दिल्ली के वजीराबाद में परिवार के साथ रहता है। हिमांशु एसबीआई एटीएम की देखरेख करने वाली कंपनी कोरे सिक्योरिटी सर्विस में काम करता है। पीड़ित के अनुसार वह गुरुवार को बुराड़ी में एटीएम की सफाई करने के लिए गए थे। पीड़ित ने बताया कि गुरुवार को एक ग्राहक के पैसे एटीएम में फस गए थे और एटीएम मशीन भी आवाज कर रही थी। ग्राहक ने कंपनी में कॉल करके इसकी जानकारी दी। इसके बाद हिमांशु मशीन ठीक करने के लिए पहुंचे। पहले मशीन का वीडियो बनाया और फिर निर्देश मिलने के बाद मशीन में फंसे हुए पैसों को निकाल दिया।
पीड़ित ने बताया कि जिस ग्राहक के पैसे मशीन में फस गए थे सबसे पहले उसने ही हाथ उठाया था। इसके बाद आसपास के लोगों ने भी उसे चोर समझकर पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित के मुताबिक, उसने खुद को स्टाफ का बता कर लोगों को काफी समझाने की कोशिश की लेकिन वहां मौजूद लोगों में किसी ने उसकी एक न सुनी। हद तब हो गई जब एक युवक ने हिमांशु की बेंत से पिटाई करनी शुरू कर दी। बताया जा रहा कि इस दौरान हिमांशु ने किसी तरह से इसकी सूचना पुलिस को दी और पुलिस ने हिमांशु को लोगों के चंगुल से बचाया। पुलिस अधिकार ने बताया कि पीड़ित हिमांशु द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।