Delhi Assembly Security: दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले आरोपी सरबजीत सिंह को अदालत ने 8 दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

Delhi Assembly Security: दिल्ली विधानसभा परिसर में बीते दिन 6 अप्रैल सोमवार को जबरन एक शख्स कार में सवार होकर घुस गया था। जिसके बाद दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। इस मामले में शामिल आरोपी सरबजीत सिंह को आज 8 दिन के लिए  पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी सरबजीत सिंह को आज  न्यायिक मजिस्ट्रेट कार्तिक टपारिया के सामने पेश किया गया। पुलिस ने इस मामले में पहले  10 दिन की हिरासत मांगी थी, लेकिन अदालत ने 8 दिन की पुलिस हिरासत की परमिशन दे दी है।

सरबजीत सिंह को 'किसान आंदोलन का समर्थक'' माना जा रहा है। ऐसा भी सामने आया है कि आरोपी ने  सोशल मीडिया मंचों पर 2020-21 के आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसान नेताओं के समर्थन में कई पोस्ट शेयर किए थे। जिनमें से कुछ को बाद में या तो उसके द्वारा या मूल पोस्ट करने वाले ने हटा दी।  

आरोपी ने गेट नंबर 2 से की थी एंट्री

एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा कि सरबजीत सिंह ने इस तरह गाड़ी चलाई थी, जिससे लगता है कि इसका इरादा  ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को कुचलने का था, जिसकी वजह से उनकी जान को खतरा पैदा हो गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल गाड़ी उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में पंजीकृत नंबर वाली SUV है। आरोपी ने बीते दिन दिल्ली विधानसभा के गेट नंबर 2 को तोड़ते हुए परिसर में प्रवेश किया था। 

सरबजीत के खिलाफ इन धाराओं में केस दर्ज

अधिकारी का कहना है कि विधानसभा में कुल 6 एंट्री गेट हैं। गेट नंबर-2 वीआईपी आवाजाही के लिए तय किया गया है। गेट्स को खास मौकों पर ही खोला जाता है। जबकि गेट नंबर-1 और सर्विस गेट से नियमित तौर आवागमन होता है। इस मामले में पुलिस ने सरबजीत के खिलाफ हत्या के प्रयास, आपराधिक अतिक्रमण, लोक सेवक के खिलाफ बल का इस्तेमाल, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित कानून की धारा 3 समेत दूसरी धाराओं में केस दर्ज किया है।