Delhi New Elevated Road: दिल्ली में मुनक नहर के किनारे एलिवेटेड रोड बनाने का फैसला लिया गया है। इस प्रोजेक्ट पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे।

Delhi New Elevated Road: दिल्ली सरकार ने मुनक नहर के किनारे 16 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाने का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि इस रोड की शुरुआत इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से हो जाएगी, इसके बाद इस शानदार कॉरिडोर शालीमार बाग, डीटीयू, बादली और बवाना इंडस्ट्रियल एरिया जैसे इलाकों से गुजरेगा, इसके बाद यह सीधे अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 तक जाएगा।

कॉरिडोर के बन जाने से नॉर्थ और वेस्ट दिल्ली के बीच आवागमन काफी आसान हो जाएगा। इससे  आउटर रिंग रोड के नेटवर्क को भी मजबूती मिलेगी, जिससे ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।    

जानकारी के मुताबिक, इस परियोजना पर करीब 4,600 करोड़ रुपये खर्च करने की संभावना जताई जा रही है। पहले इस सड़क को बनाने की जिम्मेदारी दिल्ली के लोक निर्माण विभाग को दी गई थी, लेकिन अब इसे NHAI द्वारा बनाया जाएगा।

एलिवेटेड कॉरिडोर बन जाने के बाद लोगों को बिना रेड लाइट सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही इंद्रलोक से बवाना के बीच सफर का समय भी काफी कम हो जाएगा, और लोगों को UER-2 तक पहुंचने के लिए सीधा और तेज रास्ता मिलेगा। इसके अलावा दिल्ली के सबसे  व्यस्त जंक्शनों में से एक मुकरबा चौक समेत दूसरे चौराहों पर गाड़ियों का भारी दबाव भी काफी हद तक कम हो जाएगा।  

दिल्ली सरकार देगी फंड

ऐसा कहा जा रहा है कि एलिवेटेड रोड को बनाने में हाई लेवल की तकनीकी विशेषज्ञता की जरूरत थी। इसी को ध्यान में रखते हुए  दिल्ली सरकार ने यह प्रोजेक्ट भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से बनवाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था।

जिस पर केंद्रीय मंत्रालय ने प्रस्ताव पर सहमति दे दी है। इस प्रोजेक्ट के लिए निर्माण का सारा फंड दिल्ली सरकार द्वारा दिया जाएगा, जबकि बनाने की जिम्मेदारी NHAI पर होगी। फिलहाल प्रोजेक्ट के तकनीकी आकलन का काम किया जा रहा है।  

परिवहन मंत्रालय से फाइनल मुहर शेष 

इस प्रोजेक्ट पर केंद्र की तरफ से मंजूदी दे दी गई है, लेकिन अभी केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय से फाइनल और औपचारिक मुहर लगनी बाकी है। इसके अलावा एक दुविधा यह भी आ रही है कि मुनक नहर का वह हिस्सा जहां निर्माण होना है, वह हरियाणा के सिंचाई विभाग के अधिकार एरिया में आता है। ऐसे में प्रोजेक्ट का काम जमीनी स्तर पर शुरू करने से पहले हरियाणा सरकार से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिलने का इंतजार किया जा रहा है। 

केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा ?

प्रोजेक्ट को लेकर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बयान दिया कि मुनक नहर पर एलिवेटेड रोड को बनाना, NHAI को सौंपने से जुड़ा दिल्ली सरकार का प्रस्ताव उन्हें मिल गया है, जिस पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि किसी बड़े प्रोजेक्ट को हाथ में लेने से पहले तकनीकी और जमीनी आकलन भी किए जाते हैं, इस प्रक्रिया पर तेजी से काम किया जा रहा है।