Delhi: अशोक विहार सनसनीखेज हत्याकांड सुलझा, पति ही निकला हत्यारा

Ashok Vihar sensational murder case solved
X
अशोक विहार सनसनीखेज हत्याकांड सुलझा।
दिल्ली पुलिस ने अशोक विहार हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि पति ने ही मां और नाबालिग भाई के साथ मिलकर हत्या की थी।

Delhi: उत्तर पश्चिमी जिले के अशोक विहार में सामने आये 25 वर्षीय महिला के मर्डर केस को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। हत्या के आरोप में मृतका का पति, देवर और सास को पकड़ा गया है। आरोपी पति का नाम विक्की और सास का तारा देवी बताया गया है।

डीसीपी जितेंद्र कुमार मीणा के अनुसार, 25 जनवरी 2024 को शिकायतकर्ता सावित्री शुक्ला निवासी शहीद सुखदेव नगर, अशोक विहार ने बताया था कि बेटी सपना अपने पति विक्की के साथ रह रही थी। 24 दिसंबर, 2023 को उसका अपने ससुराल वालों से झगड़ा हुआ था। तब से उसका बेटी से संपर्क नहीं हो रहा था। उसने ससुराल पक्ष से पता करने की कोशिश भी की थी, लेकिन उन्हें बताया गया कि सपना और विक्की दोनों घर छोड़कर चले गए हैं। उनकी तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था।

25 जनवरी को अशोक विहार थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। 8 फरवरी को बेड सीट कवर में लिपटे शव के संबंध में एक कॉल पुलिस को मिली थी। रेलवे लाइन के पास ग्रीन बेल्ट में गड्ढे के अंदर शव पाया गया था। शव की पहचान सपना के तौर पर उसकी मां ने ही टैटू के आधार पर की थी। पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या का खुलासा हुआ।

मामले की जांच के दौरान, पुलिस कर्मचारियों को विक्की का मोबाइल 26 दिसंबर, 2023 से बंद मिला। इससे शक के दायरे में विक्की आया। आखिर में पुलिस ने उसे तलाश कर पूछताछ की, जिसमें विक्की (19) ने अपनी मां और भाई की मदद से हत्या का जुर्म कबूल लिया। इसके बाद विक्की की मां तारा देवी (50) और नाबालिग भाई को भी पकड़ लिया गया।

विक्की ने बताया कि उनकी शादी को लगभग एक साल हो गया था। सपना उसके बच्चे की मां बनने वाली थी, लेकिन दुर्भाग्य से अक्टूबर 2023 में उसका गर्भपात हो गया था। इसके बाद उनके रिश्ते में खटास पैदा हो गई थी। वह शराब पीने लगा था। इस कारण सपना से बार-बार बहस व झगड़ा होता था। 26 दिसंबर की रात को तीखी बहस हिंसा में बदल गई, जिसके परिणामस्वरूप सपना की हत्या कर शव गड्ढे में दफना दिया गया था।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story