आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल कल यानी रविवार को जंतर-मंतर पर विशाल सभा को संबोधित करेंगे। वे कथित दिल्ली शराब घोटाले की पोल खोलेंगे। इसके अलावा, दिल्ली में आम आदमी पार्टी को और मजबूत करने की दिशा में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगे। आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज का कहना है कि उस रैली में जो भी बातें सामने आएंगी, वे पूरे देश तक पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि हमारा पूरा राष्ट्रीय नेतृत्व इस रैली की तैयारियों में जुटा है।
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कल 1 मार्च को जंतर-मंतर पर विशाल सभा का आयोजन किया जाएगा। अरविंद केजरीवाल सुबह 11 बजे सभा को संबोधित करेंगे। आम आदमी पार्टी के पूरा राष्ट्रीय नेतृत्व चाहे गुजरात हो, गोवा हो, पंजाब और दिल्ली समेत तमाम राष्ट्रीय नेता इस विशाल जनसभा का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल इस सभा में जो भी अपनी बातें रखेंगे, वो देश तक पहुंचेगी। जो भी बात कहेंगे, उसका इंतजार है।
सौरभ भारद्वाज ने कांग्रेस पर साधा निशाना
सौरभ भारद्वाज से सवाल पूछा गया कि कांग्रेस आरोप लगा रही है कि दिल्ली में भाजपा कमजोर हो रही है, इसलिए आप को राहत दी गई ताकि कांग्रेस को कमजोर किया जा सके। इस सवाल पर जवाब देते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हमारे पांच बड़े नेता जेल होकर आए हैं। सोनिया गांधी जी की उम्र तो ज्यादा है, लेकिन राहुल गांधी... वेणुगोपाल छह महीने, प्रियंका गांधी डेढ़ साल, अजय माकन दो साल जेल होकर आएं, वो भी पीएम मोदी के बराबर हो जाएंगे। उन्हें कौन रोक रहा है?
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इनके ऊपर डेढ़ दशकों से मकदमें चल रहे हैं। राबर्ट वाड्रा हो या अन्य, एक दिन भी जेल नहीं गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कहते थे कि आते ही इन्हें जेल में डालूंगा, लेकिन नहीं वो जेल नहीं गए। उनको तो हरियाणा में क्लीन चिट मिल गई। बिना कोर्ट गए ही क्लिन चिट मिल गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए।