Delhi Politics: बिधूड़ी के बयान पर आप नेता सौरभ भारद्वाज का पलटवार, बोले- कौन किसका बाप है चुनाव के नतीजे बताएंगे 

AAP leader Saurabh Bhardwaj counters Bidhuri
X
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने बिधूड़ी पर पलटवार किया।
आम आदमी पार्टी (AAP) नेता सौरभ भारद्वाज ने रमेश बिधूड़ी के आपत्तिजनक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। सौरभ ने कहा कि चुनाव के नतीजे बताएंगे कौन किसका बाप है। भारद्वाज ने भाजपा नेता पर सीएम आतिशी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया।

Delhi Election: कालका जी विभानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी और पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी ने अपने बयान से दिल्ली चुनाव में एंट्री कर दी है। इस पर आम आदमी पार्टी (AAP) नेता सौरभ भारद्वाज ने रमेश बिधूड़ी के आपत्तिजनक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। सौरभ ने कहा कि चुनाव के नतीजे बताएंगे कौन किसका बाप है। भारद्वाज ने भाजपा नेता पर सीएम आतिशी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया।

रमेश बिधूड़ी ने क्या कहा था?

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की पहली सूची जारी होने के बाद से रमेश बिधूड़ी फिर से आपत्तिजनक बयानबाजी के लिए सुर्खियों मे हैं। एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए रमेश बिधूड़ी ने सीएम आतिशी के नाम और परिवार पर टिप्पणी करते हुए कहा था, आतिशी, जो पहले मार्लेना थीं और सिंह हो गई हैं, उन्होंने अपना पिता भी बदल लिया है। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हंगामा मच गया। इससे पहले बिधूड़ी ने प्रियंका गांधी वाड्रा पर भी विवादास्पद टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आई, तो कालकाजी की सड़कों को प्रियंका गांधी के गालों की तरह चिकना बना देंगे।

आप और कांग्रेस ने भाजपा को लिया आड़े हाथों

आप सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी हैं। दिल्ली की जनता और महिलाएं इस अपमान का जवाब देंगी। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी बिधूड़ी की टिप्पणी को शर्मनाक और महिलाओं के प्रति घृणित मानसिकता का परिचायक बताया। उन्होंने भाजपा पर महिला विरोधी मानसिकता को बढावा देने का आरोप लगाया।

बिधूड़ी ने अपने बयान पर दी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद रमेश बिधूड़ी ने अपने बयान पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि अगर किसी को मेरी टिप्पणी से ठेस पहुंची है, तो मैं खेद व्यक्त करता हूं और अपने शब्द वापस लेता हूं। बिधूड़ी ने यह भी कहा कि उनका बयान लालू यादव की टिप्पणी से प्रेरित था, जिसमें लालू ने बिहार की सड़कों को भाजपा नेता हेमा मालिनी के गालों की तरह बनाने का वादा किया था।

ये भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव में कांग्रेस की 'प्यारी दीदी योजना': महिलाओं को हर महीने 2500 देने की बड़ी घोषणा

कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने क्या कहा?

कालकाजी से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव शुरू होने से पहले ही अपनी पहली दो सभाओं में बेहद निम्न स्तर की भाषा का उपयोग किया। उन्होंने प्रियंका गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि कालकाजी के लोग ऐसे उम्मीदवार को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

दिल्ली चुनाव की तैयारी में जुटे राजनीतिक दल

दिल्ली में विधानसभा चुनाव फरवरी 2025 में होने की संभावना है। पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार भी भाजपा और कांग्रेस ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। वहीं, राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे बयान सत्ताधारी दल और विपक्ष दोनों के लिए घातक हो सकते हैं। इन्हीं सबके बीच रमेश बिधूड़ी की टिप्पणी ने चुनावी माहौल को गर्मा दिया है। अब देखना होगा कि जनता इस विवाद को किस नजरिए से देखती है और इसका चुनावी परिणामों पर क्या असर पड़ता है।

ये भी पढ़ें: Delhi Election 2025: दिल्ली में मतदाताओं को फाइनल वोटर लिस्ट जारी, डेढ़ करोड़ से अधिक हैं वोटर्स

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story