Delhi-Haryana Weather: दिल्ली-NCR में आज भी आएगा आंधी तूफान, हरियाणा में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट

Delhi-Haryana Weather
X
दिल्ली और हरियाणा का मौसम।
Delhi-Haryana Weather: दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, हरियाणा में आज कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।

Delhi-Haryana Weather: दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों अक्सर आंधी-तूफान के साथ बारिश हो रही है। इससे लोगों को तापमान से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन फिर भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान राजधानी में अधिकतम तापमान 37-39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच में रह सकता है।

मौसम विभाग की मानें, तो अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी और कुछ जगह बारिश भी होगी। बता दें कि बीते कुछ दिनों में दिल्ली में हुई बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन लोगों को उमस का सामना कर पड़ रहा है। ऐसे में बारिश होने पर गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
एनसीआर के मौसम की बात करें, तो नोएडा और गाजियाबाद में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ बारिश की बौछारें देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान 50 किमी की स्पीड से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग के मुताबिक, आज नोएडा और गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। वहीं, न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।

दिल्ली में आज और कल बारिश के आसार
दिल्ली में आज तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, कल यानी शनिवार को आकाशीय बिजली कड़कने के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान हवाएं 50 किमी की स्पीड से चलेंगी। इसके अलावा तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

हरियाणा में येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी
हरियाणा में लोगों को तापमान से राहत नहीं मिलने जा रही है। पिछले हफ्ते हरियाणा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया था। हालांकि पिछले दिनों हुई बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट आई है। वहीं, आज प्रदेश के कई जिलों मे हीटवेव चलने वाली है। साथ ही कुछ जिलों में बारिश भी होने की संभावना है।

हरियाणा मौसम विभाग ने प्रदेश के 6 जिलों में हीटवेव चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ शामिल हैं। इन जिलों में आज भीषण लू का सामना करना पड़ेगा।

इन जिलों में येलो अलर्ट
हरियाणा के जींद, रोहतक, झज्जर और रेवाड़ी जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने चंडीगढ़ के अलावा प्रदेश के 6 जिलों मे आंधी-तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल शामिल हैं। इन जिलों में आज धूल भरी तेज आंधी चलने की संभावना है। ऐसे में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

गुरुवार को सिरसा रहा सबसे गर्म
बता दें कि बीते गुरुवार (22 मई) को हरियाणा के सिरसा जिले पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां पर तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा नारनौल में 42.5, महेंद्रगढ़ में 41.1, हिसार में 41 और भिवानी में 39.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story