हरियाणा में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट: मौसम विभाग ने चेताया, हरियाणा के कई जिलों में रात को आएगी तेज आंधी, बचकर रहें

मौसम विभाग ने चेताया, हरियाणा के कई जिलों में रात को आएगी तेज आंधी, बचकर रहें
X
गुरुग्राम में आंधी से गिरे पेड़ को हटाते हुए।
हरियाणा में मौसम ने करवट ली है। तेज आंधी और बारिश से कई जिलों में जीवन अस्त व्यस्त रहा। हालांकि गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई जगह पेड़ उखड़ने से परेशानी का सामना करना पड़ा।

हरियाणा में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट : हरियाणा में गुरुवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे कई इलाकों में तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। गुरुग्राम, झज्जर, रेवाड़ी, चरखी दादरी और नूंह जैसे जिलों में बारिश हुई, जबकि फरीदाबाद और पुन्हाना में तेज आंधी चली। गुरुग्राम में तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर पेड़ गिर गए, जिससे यातायात पर असर पड़ा और कुछ मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने गुरुवार शाम 7:30 बजे भी चेताया कि आगामी तीन घंटे में तेज धूलभरी आंधी चलेगी और बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव अभी कुछ दिन और जारी रह सकता है।

इन जिलों में आंधी व बारिश का अंदेशा

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, गुरुवार रात 10-11 बजे तक पलवल, नूंह, फरीदाबाद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार जिलों व आसपास के क्षेत्रों में तेज धूलभरी हवाएं चलने व कहीं-कहीं गरजचमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। ऐसे में चेताया जा रहा है कि लोग अपने घरों से बाहर न निकलें क्योंकि कई जगह पेड़ व खंभे गिरने से हादसे का अंदेशा रहता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमानों के मुताबिक, 30 मई से 1 जून के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है।

30 मई को व्यापक बारिश की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि 30 मई को हरियाणा के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विशेष रूप से अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल और यमुनानगर में 50-75% तक वर्षा का अनुमान है। 31 मई को अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि बाकी जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। 1 जून को कुल 16 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। भीषण गर्मी झेल रहे हरियाणा के लोगों के लिए यह राहत की खबर है। अधिकतम तापमान कई जिलों में 43°C से ऊपर जा चुका था, लेकिन बारिश के चलते अब तापमान में गिरावट और मौसम में ठंडक आने की उम्मीद है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story