UPSC अभ्यर्थी हत्याकांड: लव-धोखा, हत्या..., क्राइम सीरीज देख फॉरेंसिक स्टुडेंट ने किया लिव-इन पार्टनर का मर्डर

यूपीएससी अभ्यर्थी हत्याकांड में 3 आरोपी गिरफ्तार।
UPSC Aspirant Murder Case: राजधानी दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। तिमारपुर थाना क्षेत्र के गांधी विहार इलाके में हुई हत्या के मामले में एक युवती समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय युवती ने अपने पूर्व प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। वह यूपीएससी अभ्यर्थी के साथ लिव-इन में रह रही थी। आरोपी युवती ने कानून से बचने के लिए वारदात को हादसे का रूप देने की कोशिश की।
उसने हत्या को आग की घटना का रूप दे दिया। पुलिस के अनुसार, यह घृणित कदम बदला लेने के लिए उठाया गया था। बताया जा रहा है कि मृतक युवक के पास आरोपी युवती के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी लड़की, उसके पूर्व प्रेमी और एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान अमृता चौहान (21), सुमित कश्यप (27) और संदीप कुमार (29) के रूप में की गई है।
क्या है मामला?
यह घटना 6 अक्टूबर की रात को करीब 2:50 बजे के आसपास हुई थी। गांधी नगर इलाके में एक मकान के चौथे फ्लोर पर यूपीएससी की तैयारी कर रहे 32 साल के युवक के कमरे में आग लगने की खबर मिली। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने आग बुझाई, तो वहां से एक बुरी तरह से जला हुआ शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान रामकेश मीणा (32) के रूप में हुई। शुरुआत में पुलिस ने इसे आग से जलकर मरने का मामला दर्ज कर लिया था। हालांकि, बाद में मृतक के चचेरे भाई ने इस पर शक जताया, जिसके बाद पुलिस ने गहनता से जांच शुरू की।
पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज चेक किए, तो पाया कि आग लगने से पहले 2 लोग बिल्डिंग में घुसे और आग लगने के ठीक बाद एक लड़की बाहर निकलती हुई दिखाई दी। इसके बाद पुलिस को पता चला कि सीसीटीवी फुटेज वाली लड़की मृतक की लिव इन पार्टनर है। इसकी उम्र 21 साल है, जो उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले की रहने वाली है। वह रामकेश मीणा के साथ मई से लिव इन में रह रही थी।
आखिर क्यों की हत्या?
पुलिस ने बताया कि लड़की मई में लड़के से मिली थी। इसके बाद से वो दोनों साथ रह रहे थे। इसी समय में लड़के ने लड़की के कुछ आपत्तिजनक वीडियो बना लिए, जिसके बाद उन्हें एक हार्ड-डिस्क में सेव कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, लड़की को जब इन वीडियो के बारे में पता चला कि तो उसने डिलीट करने को कहा, लेकिन लड़के ने ऐसा करने से मना कर दिया। साथ ही उसे बदनाम करने के लिए झूठी कहानियां बनाई। अधिकारी ने आगे बताया कि लड़की ने खुद को फंसता हुआ देख बदला लेने का फैसला लिया।
हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश
जांच में पता चला कि लड़की, उसके पूर्व प्रेमी और एक अन्य साथी ने मिलकर रामकेश मीणा की हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को हादसा जैसा दिखाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि लड़की को क्राइम शो देखने का शौक था। इसके चलते फोरेंसिक तरीकों को अपनाकर इसे अपराध को कवर करने का प्लान बनाया।
कैसे की घिनौनी करतूत?
पुलिस के अनुसार, पहले तीनों आरोपियों ने फ्लैट पर जाकर युवक की गला घोंटकर और पीट-पीटकर हत्या की। इसके बाद मृतक के शरीर पर शराब और तेल छिड़क दिया। लड़की के पूर्व प्रेमी ने आगे का सीन तैयार किया, जो मुरादाबाद में एलपीजी गैस के सिलेंडरों को बांटने का काम करता है। उसे पता था कि गैस सिलेंडर के साथ कैसे छेड़छाड़ करनी है। उसने सिलेंडर लड़के के सिर के पास रखकर उसका रेगुलेटर खोलकर उसमें आग लगा दी। इसके एक घंटे बाद सिलेंडर फट गया और शव पूरी तरह से जल गया।
मुरादाबाद से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड के माध्यम से आरोपियों का पता लगाया। कई जगहों पर छापेमारी करने बाद 18 अक्टूबर को लड़की को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस ने लड़की से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर 21 अक्टूबर को उसके पूर्व प्रेमी और फिर 23 अक्टूबर को उसके साथी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने वीडियो वाली हार्ड डिस्क, मृतक की शर्ट, एक बैग ट्रॉली और हत्या में इस्तेमाल की हुई सारी चीजों को बरामद कर लिया है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
