Mandoli jail Delhi: दिल्ली की मंडोली जेल में विचाराधीन कैदी पर जानलेवा हमला, सुरक्षा इंतजाम पर सवाल

देश की राजधानी दिल्ली से आए दिन मारपीट और जानलेवा हमले की खबरें सामने आती रहती हैं। लेकिन अब ऐसी खबर सामने आई है, जिसने दिल्ली की मंडोली जेल के सुरक्षा इंतजाम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां जेल में बंद विचाराधीन कैदी पर हमले का मामला सामने आया है। हमले के पीछे की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बहरहाल, घायल कैदी को जीटीबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घायल कैदी का नाम सागर है। वह सीलमपुर का रहने वाला है। उसे लूट के केस में पकड़ा गया था। कोर्ट के आदेश पर उसे मंडोली जेल भेजा गया। उसे मंडोली जेल नंबर 13 में बंद था। बताया जा रहा है कि सागर जिस बैरक में बंद था, वहां जितेंद्र उर्फ जीते, वैभव और विक्की भी बंद हैं। तीनों की सागर से पिछले करीब तीन महीने से पुरानी रंजिश चल रही थी। सागर ने बताया कि बीती रात को वह अपनी बैरक में सो रहा था, तभी तीनों ने नुकीले हथियार से हमला बोल दिा। तीनों ने उसके हाथ, पेट और गर्दन के आसपास कई वार किए।
सागर के चिल्लाने की आवाज सुनकर कैदी उठ गए। साथ ही, जेलकर्मी भी तुरंत सतर्क हुए और बैरक की तरफ दौड़कर बुरी तरह से घायल सागर को तीनों के चंगूल से छुड़वाया। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सागर को जीटीबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। सागर की शिकायत पर हर्ष विहार थाना ने आरोपियों के खिलाफ हत्या प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत एकत्रित करने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
