कोहरे में रफ्तार का कहर: दक्षिणी दिल्ली में कार ने टैक्सी को मारी टक्कर, 2 लोगों की मौके पर मौत

साउथ दिल्ली में आज सुबह भीषण सड़क हादसा। प्रतीकात्मक तस्वीर
देश की राजधानी दिल्ली में आज सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। दक्षिणी दिल्ली के सिरी फोर्ट के पास कार और टैक्सी के बीच टक्कर हो गई। हादसे में टैक्सी सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर से घायल हो गया। घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा ऑगस्ट क्रांति मार्ग आज सुबह 4 बजकर 20 मिनट पर हुआ है। जांच से पता चला है कि एक तेज रफ्तार कार पंचशील फ्लाईओवर की तरफ से एंड्रयूज गंज की तरफ जा रही थी। इस दौरान उसने बलबीर सक्सेना मार्ग की तरफ मुड़ रही टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना जबरदस्त था कि टैक्सी सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि उसकी हालत गंभीर बनी है। वहीं, दोनों शवों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
कार चालक को हिरासत में लिया
पुलिस ने बताया कि कार चालक को हिरासत में लिया है। उसकी पहचान दक्षिणी दिल्ली के उदय पार्क क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय कृष्णांश कपूर के रूप में हुई है। उसका मेडिकल कराया गया है ताकि पता चल सके कि कार चलाते समय उसने नशा किया था या नहीं। बहरहाल, मामला दर्ज कर सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
