Traffic Advisory: दिल्ली की कई सड़कों पर आवाजाही की रोक, जानें कौन सा रास्ता बंद, लिस्ट जारी

पुतिन के भारत दौरे के कारण दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी।
Traffic Advisory: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन भारत दौरे पर हैं। शुक्रवार को वो दिल्ली की कई जगहों पर जाने वाले हैं। इसको लेकर सुबह 10 बजे से लेकर रात तक दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। बताया गया है कि दिल्ली में दिन भर अलग-अलग जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिल सकती है। ऐसे में अधिक समय लेकर घर से बाहर निकलें।
जानकारी के अनुसार, सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक मदर टेरेसा क्रेसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड और जनपथ रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। साथ ही यहां पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। हालांकि वंदे मातरम् मार्ग–साइमन बोलिवर मार्ग, कौटिल्य मार्ग, सुनहरी मस्जिद और रेल भवन गोलचक्कर से डायवर्जन होगा। वहीं यशवंत प्लेस गोलचक्कर, रायसीना रोड और रफी मार्ग का उपयोग किया जा सकता है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को दोपहर 12.30 तक कई रास्तों पर ट्रैफिक जाम रहेगा। जनपथ गोलचक्कर, फिरोजशाह रोड, विंडसर प्लेस, सिकंदरा रोड, मंडी हाउस गोलचक्कर और डब्ल्यू-पॉइंट पर पार्किंग की अनुमति नहीं है। न ही यहां पर वाहनों को थोड़ी भी देर के लिए रोका जा सकेगा। इसके अलावा जनपथ–टॉल्स्टॉय मार्ग, रणजीत सिंह फ्लाईओवर–बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय–केजी मार्ग, सुनहरी मस्जिद और रेल भवन मार्ग पर डायवर्जन लागू रहेगा।
दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक जनपथ रोड गोलचक्कर, फिरोजशाह रोड, सिकंदरा रोड, मंडी हाउस गोलचक्कर, डब्ल्यू-पॉइंट, विंडसर प्लेस, मथुरा रोड और भैरों मार्ग पर वाहनों की पार्किंग या उन्हें रुकने की अनुमति नहीं है। इन रास्तों पर जाम की स्थिति रह सकती है। इसे देखते हुए लोगों को इन रास्तों से बचने की अपील की गई है।
वहीं कुछ रास्तों पर रात 9 बजे तक डायवर्जन किया गया है। कौटिल्य मार्ग, सुनहरी मस्जिद और रेल भवन मार्ग के पास डायवर्जन रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रेसेंट, जनपथ रोड से बचने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे जाम से बचने के लिए सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करें।
