Delhi-NCR Rain: दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर, इस दिन से बदल सकता है मौसम, हल्की बूंदाबांदी के आसार

दिल्ली-एनसीआर मौसम अपडेट
Delhi-NCR Rain Update: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और तपिश से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। राजधानी दिल्ली में तापमान के साथ ही उमस से भी जूझना पड़ा रहा है। हवा में भी नमी (Humidity) बढ़ रही है, जिससे 45 डिग्री सेल्सियस का तापमान भी 50 से ज्यादा का महसूस हो रहा है। गुरुवार को सुबह से तेज धूप निकली रही और रात में उमस ने बेहाल कर रखा था। 12 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि फील लाइक तापमान 54 डिग्री सेल्सियस के आसपास महसूस किया गया।
गर्मी का कहर सिर्फ दिल्ली में ही नहीं, बल्कि एनसीआर के शहरों में देखने को मिल रहा है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद से लेकर गुरुग्राम और फरीदाबाद में गर्मी-उमस से लोगों की हालत खराब हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 13 जून को नोएडा, गाजियाबाद में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इसको लेकर हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
13 जून की रात से राहत की उम्मीद
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में शुक्रवार (13 जून) के बाद से मौसम बदल सकता है। शुक्रवार को दिल्ली में शाम के समय आंधी चल सकती है। इसके अलावा हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट होगी, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि इस दिन हीटवेव और उमस का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें, 14 जून को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। 14 जून से लेकर 19 जून तक आंधी-तूफान के साथ रुक-रुक कर हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे धीर-धीरे तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
NCR में कैसा रहेगा मौसम?
वहीं, NCR के शहरों में मौसम की बात करें, तो गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में शुक्रवार को हीटवेव चलने वाली है। इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। वहीं, अगले दिन यानी 14 जून को दोनों जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी 13 जून को हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। बता दें कि बीते गुरुवार को गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
