Delhi Robbery Case: दिल्ली में 'गला घोंटू गैंग' लोगों को बना रही शिकार, दिनदहाड़े कर रहे लूटपाट

दिल्ली में गला घोंटू गैंग का आतंक।
Delhi Robbery Case: दिल्ली में चोरी और लूटपाट के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक के बाद एक मामले लोगों को डरा रहे हैं। बीते कुछ सालों से दिल्ली में 'गला घोंटू गैंग' एक्टिव हो गया है। ये गैंग लोगों का गला दबाकर उनसे लूटपाट करता है। हालिया मामला रोहिणी के सरस्वती विहार बस स्टैंड का है। यहां पर 7 अगस्त 2025 को गैंग ने एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाते हुए उसके साथ बीच सड़क पर लूटपाट की। ये पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसकी सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति बस स्टैंड पर खड़ा बस का इंतजार कर रहा है। इसी दौरान स्कूटी पर तीन लोग सवार होकर आते हैं। इसमें पीछे बैठा आरोपी पीड़ित के हाथ से अचानक से मोबाइल फोन छीन लेता है और पीछे से गला दबा लेता है। कुछ ही देर में दूसरा बदमाश आगे बढ़ा। उसने पीड़ित की जेब टटोली और लूटपाट करने लगा। वहीं तीसरा आरोपी भागने की फिराक में दोनों का इंतजार करने लगा।
इस दौरान पीड़ित व्यक्ति बदमाशों की गिरफ्तार से छूटने के लिए जद्दोजहद करता रहा लेकिन नाकामयाब रहा। ये घटना इतनी जल्दबाजी में हुई कि आसपास के लोग मदद को भी आगे नहीं आ सके। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद इस बारे में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तकनीकी निगरानी और CCTV फुटेज की मदद से जांच शुरू की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी, लूटा गया मोबाइल फोन और कुछ पैसे बरामद किए गए।
पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि ये गैंग पहले भी सक्रिय था। ये अचानक लोगों पर हमला कर गला दबाते हैं और पिर लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि इन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
