Delhi Police Vacancy 2025: दिल्ली पुलिस में भर्ती का एक और मौका, निकली हेड कॉन्स्टेबल की भर्ती

दिल्ली पुलिस भर्ती।
Delhi Police Vacancy 2025: दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल पदों के लिए कर्मचारी चयन आयोग यानी एसएससी ने भर्तियां निकाली हैं। इन भर्तियों के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इसके लिए कुल 552 पदों पर भर्ती निकली है, जिसके लिए 15 अक्टूबर 2025 तक आवेदन किया जा सकता है। इस भर्ती के जरिए असिस्टेंट वायरलेस ऑपरेटर (AWO) और टेली-प्रिंटर ऑपरेटर के पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
अगर आप भी इस भर्ती के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो 15 अक्टूबर 2025 तक आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल के लिए 7565 पदों पर भर्ती निकाली गई है। साथ ही दिल्ली पुलिस ड्राइवर के पदों पर 737 पदों पर भर्तियां निकाली गई हैं। हालांकि ड्राइवर के लिए भर्तियों के लिए केवल पुरुष ही आवेदन कर सकते हैं।
पुरुषों के लिए कितने पदों पर भर्ती
नोटिफिकेशन के अनुसार, पुरुषों के लिए हेड कांस्टेबल (AWO/TPO) के कुल 370 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इनमें जनरल कैटेगरी के लिए 158, ईडब्ल्यूएस के लिए 37, ओबीसी के लिए 94, एससी के लिए 48 और एसटी के लिए 33 पदों पर भर्ती निकाली गई है।

महिलाओं के लिए कितने पदों पर भर्ती
महिलाओं के लिए कुल 182 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इनमें जनरल कैटेगरी के लिए 78, ईडब्ल्यूएस के लिए 16, ओबीसी के लिए 47, एससी के लिए 23 और एसटी के लिए 23 पदों पर भर्ती निकाली गई है।

कब क्या होगा?
बता दें कि 24 सितंबर 2025 से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया जा चुका है। 15 अक्टूबर 2025 को रात 11 बजे तक आवेदन किया जा सकता है। फीस जमा करने की आखिरी तारीख 16 अक्टूबर 2025 रात 11 बजे तक निर्धारित की गई है। अगर आवेदन करते समय कोई गलती हो जाती है, तो उसे सही करने के लिए 23-25 अक्टूबर 2025 तक का समय निर्धारित है। वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि दिसंबर 2025 या जनवरी 2026 में परीक्षा आयोजित की जा सकती है।
आवेदन करने के लिए योग्यता
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास की डिग्री होनी जरूरी है। उम्मीदवार को साइंस और मैथ्स के साथ पास होना जरूरी है। मैकेनिक-कम-ऑपरेटर इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन सिस्टम में नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (NTC) मान्य है। इसके अलावा आवेदनकर्ता को कंप्यूटर की नॉलेज होनी जरूरी है। 15 मिनट में 1000 वर्ड्स टाइपिंग और एम एस ऑफिस और प्रिंटिंग आदि की स्किल्स होनी अनिवार्य है। आवेदनकर्ता की उम्र 1 जुलाई 2025 को 18 से 27 वर्ष होनी चाहिए। SC/ST/OBC और अन्य आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमानुसार उम्र में छूट मिलेगी।
कितनी मिलेगी सैलेरी
दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल भर्ती 2025 में निकली भर्ती में चयन होने के बाद Pay Level-4 के तहत 25,500 से 81,100 रुपये तक की सैलरी दी जाएगी। साथ ही डीए यानी महंगाई भत्ता, एचआरए यानी मकान किराया भत्ता, टीए यानी परिवहन भत्ता समेत मेडिकल सुविधाएं, राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।
आवेदन करने के लिए कितना करना होगा भुगतान
आवेदन करने के लिए सामान्य और ओबीसी वर्ग के पुरुषों को 100 रुपए का भुगतान करना होगा। ये भुगतान ऑनलाइन, BHIM UPI, नेट बैंकिंग, क्रेडिट और डेबिट कार्ड से किया जा सकता है। हालांकि अन्य किसी को आवेदन करने के लिए भुगतान नहीं करना होगा।
कैसे करें आवेदन
आवेदन करने के लिए सबसे पहले एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल भर्ती 2025 नोटिफिकेशन पर क्लिक करना होगा। इसके बाद ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर से रजिस्टर करें और फॉर्म में मांगी गई सारी जानकारी भरें। इसके बाद अपने दस्तावेज अपलोड करें। अब आपको शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना है।
