IGI Airport: दिल्ली से पटना जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट ने यूटर्न लिया, जानिये वजह?

Technical Issue in Delhi to Patna Flight
X

दिल्ली से पटना जा रही स्पाइसजेट के विमान में तकनीकी खराबी। 

दिल्ली से बोइंग 737-8 A विमान ने आज सुबह पटना के लिए उड़ान भरी। लेकिन उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही इसे दिल्ली लौटना पड़ा।

छठ पूजा के लिए यात्रियों की संख्या बढ़ने से बिहार जाने वाली ट्रेनें फुल चल रही हैं। ऐसे में यात्री हवाई मार्ग का भी सहारा ले रहे हैं। लेकिन, छठ पर्व से पहले यानी आज एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दिल्ली से पटना जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट को उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही दिल्ली एयरपोर्ट के लिए यूटर्न करा दिया गया। इसकी वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उड़ान संख्या SG 497 ने आज सुबह दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। लेकिन उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही उसे दिल्ली के लिए लौटना पड़ा। इसके बाद बोइंग 737-8 A विमान का निरीक्षण किया गया। स्पाइसजेट के प्रवक्ता की तरफ से बताया गया है कि इस विमान में 160 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित हैं। विमान को वापस दिल्ली में सुरक्षित उतार लिया गया है। एयरलाइन के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि संबंधित यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की, जो सुबह 11:30 बजे पटना के लिए रवाना हो चुकी है।

बता दें कि दो महीने पहले भी स्पाइसजेट के एक विमान को तकनीकी खराबी के चलते श्रीनगर में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। यह विमान दिल्ली से रवाना हुआ था, जिसमें 205 यात्री सवार थे, जबकि क्रू सदस्यों की संख्या 7 थी। यही नहीं पिछली साल दिवाली पर भी चेन्नई हवाई अड्डे से हैदराबाद के लिए रवाना हुए विमान को भी तकनीकी खराबी के चलते वापस भेज दिया गया था। इसमें चालक दल के पांच सदस्य और कुल 74 यात्री सवार थे।

एयर इंडिया विमान हादसा आ जाता है याद

गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून 2025 को एयर इंडिया का प्लेन उड़ान भरने के चंद सेकेंड के बाद ही एक इमारत से टकरा गया था। हादसे में एक यात्री को छोड़कर सभी यात्री मारे गए थे। आज भी जब स्पाइसजेट के इस विमान को दिल्ली डायवर्ट किया गया, तो यात्रियों में हड़कंप मचना लाजमी था। हालांकि पायलट की सूझबूझ और बाकी के क्रू मेंबर ने यात्रियों को शांत कराकर इस विकट परिस्थिति में भी विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराने में योगदान दिया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story